आईपीएल 2026 : चेन्नई सुपर किंग्स की शानदार जीत, मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल 2026 : चेन्नई सुपर किंग्स की शानदार जीत, मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराया


चेन्नई, 03 मई (हि.स.)। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ चेन्नई ने इस सीजन में मुंबई पर दूसरी बार जीत दर्ज की है, जिससे टीम का आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है।

चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। मुंबई की ओर से नमन धीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके अलावा रायन रिकेल्टन ने 37 और सूर्यकुमार यादव ने 21 रन का योगदान दिया।

चेन्नई की गेंदबाजी भी काबिल-ए-तारीफ रही। अंशुल कम्बोज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि नूर अहमद ने 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अन्य गेंदबाजों ने भी सधी हुई गेंदबाजी कर मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा।

160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी एक विकेट गंवा दिया। लेकिन इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला। उन्होंने पहले उर्विल पटेल के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की और फिर कार्तिक शर्मा के साथ नाबाद 98 रन की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।

गायकवाड ने संयमित और जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए। वहीं कार्तिक शर्मा ने भी शानदार फॉर्म दिखाते हुए 40 गेंदों पर नाबाद 54 रन की पारी खेली। अंत में कार्तिक ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

चेन्नई ने 18.1 ओवर में 2 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह जीत टीम के संतुलित प्रदर्शन का उदाहरण रही, जिसमें गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने अहम भूमिका निभाई।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story