आईपीएल 2026 : चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार दूसरी जीत, दिल्ली को 8 विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 155 रन बनाए, जिसके जवाब में चेन्नई ने 156 रन का लक्ष्य 17.3 ओवर में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

चेन्नई की जीत के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। यह इस सीजन में उनका दूसरा अर्धशतक रहा। सैमसन को कार्तिक शर्मा का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 41 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 114 रन की अटूट साझेदारी हुई, जिसने मैच पूरी तरह चेन्नई के पक्ष में कर दिया।

दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही। समीर रिजवी ने नाबाद 40 रन बनाए, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 रन की पारी खेली। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी हुई। अन्य बल्लेबाजों में पथुम निसांका, नीतीश राणा, आशुतोष शर्मा, करुण नायर और केएल राहुल ने छोटी-छोटी पारियां खेलीं, लेकिन कोई भी बड़ा स्कोर नहीं बना सका।

चेन्नई की ओर से गेंदबाजी में नूर अहमद ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को एक और हार का सामना करना पड़ा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story