इंटर रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी मुरादाबाद की महिला क्रिकेटर निशी कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
इंटर रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी मुरादाबाद की महिला क्रिकेटर निशी कश्यप


मुरादाबाद, 09 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद निवासी व रेलवे में टिकट कलेक्टर महिला क्रिकेटर निशी कश्यप खेल और नौकरी दोनों में शानदार संतुलन बनाते हुए लगातार सफलता हासिल कर रही हैं। बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में अपनी खास पहचान बना चुकी निशी पहली बार इंटर रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आज पटियाला रवाना हो गई हैं। पटियाला में इंटर रेलवे क्रिकेट प्रतियोगिता 10 अप्रैल से शुरू होगी।

निशी कश्यप का क्रिकेट कॅरिअर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने तीन वर्षों तक अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अब उनका चयन नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे की टीम में हुआ है।

खास बात यह है कि हाल ही में निशी की गुवाहाटी में रेलवे में टीटी (टिकट कलेक्टर) के पद पर नौकरी मिली है। सीमित समय के बावजूद अभ्यास में कोई कमी नहीं छोड़ रहीं। निशी कश्यप ने बताया कि रेलवे में नौकरी मिलना उनके लिए गर्व की बात है और अब इंटर रेलवे में खेलना एक बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि वह टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और देशभर के खिलाड़ियों के बीच खुद को साबित करना चाहती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story