युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : डॉ मांडविया

WhatsApp Channel Join Now
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : डॉ मांडविया


युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : डॉ मांडविया


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘यूथ फॉर विकसित भारत: माय भारत युवा सम्मेलन’ में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में उनकी भूमिका निर्णायक होगी। सम्मेलन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

देशभर से आए 6,000 से अधिक युवाओं ने इस सम्मेलन में भाग लिया। इनमें छात्र, युवा पेशेवर, उद्यमी, नवोन्मेषक, कंटेंट क्रिएटर, स्वयंसेवक और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना था।

अपने संबोधन में डॉ मांडविया ने कहा कि भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है, जो देश के लिए एक बड़ी जनसांख्यिकीय ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को स्टार्टअप, खेल, उद्यमिता, सार्वजनिक सेवा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर मिले हैं।

उन्होंने माय भारत मंच के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं से स्वयंसेवी कार्यक्रमों और जनहित पहलों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना युवाओं के विचारों, नवाचार और आकांक्षाओं से ही साकार होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के दम पर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास से हासिल होती है और भारतीय युवा विभिन्न क्षेत्रों में इसका उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

सम्मेलन में प्रसिद्ध अभिनेता विक्रांत मेस्सी, उद्यमी अमन गुप्ता, गायिका एवं विधायक मैथिली ठाकुर तथा भारतीय क्रिकेटर जितेश शर्मा ने भी युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने युवाओं को उत्कृष्टता हासिल करने, नवाचार को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन का समापन ‘विकसित भारत संकल्प’ के साथ हुआ, जिसमें युवाओं ने वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story