भारतीय महिला कुश्ती टीम में सभी छह पहलवान हरियाणा की

WhatsApp Channel Join Now

-एशियन गेम्स में दिखाएंगी प्रतिभा

चंडीगढ़, 01 जून (हि.स.)। हरियाणा के लिए यह गर्व की बात है कि एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई भारतीय महिला कुश्ती टीम की सभी छह पहलवान हरियाणा की बेटियां हैं।

प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को चंडीगढ़ में यह जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि प्रदेश की खेल संस्कृति और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि देशभर में हरियाणा की खेलों में अग्रणी पहचान को भी मजबूत करती है।

गौरव गौतम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा के खेल मंत्री होने के नाते यह उनके लिए विशेष गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, उत्कृष्ट प्रशिक्षक तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

खेल मंत्री ने चयनित खिलाडिय़ों की सूची जारी करते हुए बताया कि एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला कुश्ती टीम के 50 किलो ग्राम भार वर्ग में दीपांशी राठी, 53 किग्रा में अंतिम पंघाल, 57 किग्रा में मनीषा भनवाला, 62 किग्रा में मानसी अहलावत, 68 किग्रा में निशा दहिया, 76 किग्रा में प्रिया मलिक का चयन किया गया है।

गौरव गौतम ने कहा कि खिलाडिय़ों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे देश और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता की कामना करते हुए कहा कि पूरा देश उनकी उपलब्धियों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story