एशियाई खेलों में भारत की पहली जीत, पुरूष वॉलीबॉल टीम ने कंबोडिया को 3-0 से हराया

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेलों में भारत की पहली जीत, पुरूष वॉलीबॉल टीम ने कंबोडिया को 3-0 से हराया


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने कंबोडिया पर शानदार जीत के साथ अपने एशियाई खेलों के अभियान की शुरुआत की। तीन बार के एशियाड पदक विजेताओं ने मंगलवार को अपने पहले ग्रुप मुकाबले में निचली रैंकिंग वाली टीम को 25-14, 25-13, 25-19 से हराया। भारतीय टीम अब अपने अगले मुकाबले में बुधवार को दक्षिण कोरिया का सामना करेगी।

बता दें कि एशियाई खेलों की वॉलीबॉल स्पर्धा में भारत की यात्रा में दशकों से उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। देश को सफलता का पहला स्वाद 1958 में मिला, जब पुरुष टीम ने ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के बाद 1962 में उन्हें रजत पदक मिला, जिसमें उनकी एकमात्र हार जापान के हाथों हुई, जिसने स्वर्ण पदक जीता।

हालाँकि, गौरव की राह लगातार चुनौतीपूर्ण होती गई और भारत को अपनी तालिका में एक और पदक (1986 में कांस्य पदक) जोड़ने में दो दशक से अधिक समय लग गया।। 37 साल हो गए हैं जब भारत ने आखिरी बार एशियाई खेलों में वॉलीबॉल में पदक जीता था।, और अब भारतीय टीम का प्रयास इस 37 साल के सूखे को खत्म करने का होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील

Share this story