सीडब्ल्यूजी 2030 के लिए भारत तैयार, खेल मंत्री मांडविया ने कॉमनवेल्थ स्पोर्ट प्रमुख से की अहम बैठक

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को कॉमन वेल्थ स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक के दौरान खेल मंत्री ने कहा कि भारत खेल जगत का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है और कॉमनवेल्थ के 100 वर्ष पूरे होने का यह अवसर यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल का भारत को मेजबान चुनने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

मांडविया ने भारत की खेल नीतियों और पहलों पर प्रकाश डालते हुए खेलो इंडिया गेम्स के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत विभिन्न खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के लिए अस्मिता लीग और जनजातीय क्षेत्रों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं।

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष रुकारे ने नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि भारत में खेलों को राष्ट्रीय विकास के अहम स्तंभ के रूप में स्थापित किया गया है।

बैठक में आयोजन की तैयारियों, समन्वय और समयसीमा पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भविष्य की कार्ययोजना और प्रमुख लक्ष्यों पर सहमति जताई, ताकि खेलों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

भारत ने सीडब्ल्यूजी 030 के लिए अपनी जो रूपरेखा प्रस्तुत की, उसमें खिलाड़ियों को केंद्र में रखने, विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार आयोजन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, आधुनिक तकनीक के उपयोग से खेलों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की योजना भी साझा की गई।

खेल मंत्री ने अहमदाबाद को मेजबानी के लिए उपयुक्त बताते हुए उसकी मजबूत आधारभूत संरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और संस्थागत सहयोग को प्रमुख ताकत बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि आयोजन के बाद स्थायी खेल ढांचे के निर्माण और जमीनी स्तर पर भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि इसका दीर्घकालिक लाभ देश के खेल परिदृश्य को मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story