भारत में होगी पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी, 6 टीमें लेंगी हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now


- मुंबई और वडोदरा में 14 से 28 फरवरी तक होंगे मुकाबले

नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की मेजबानी भारत को सौंप दी है। टूर्नामेंट का आयोजन 14 से 28 फरवरी 2027 तक मुंबई और वडोदरा में किया जाएगा। छह टीमों वाली इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का फाइनल 28 फरवरी को खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के मुकाबले मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी।

सभी छह टीमों ने 06 जुलाई की आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपनी स्थिति के आधार पर टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है। प्रतियोगिता का प्रारूप राउंड-रॉबिन लीग का होगा। सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी और अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली टीमें खिताबी मुकाबले में पहुंचेंगी।

महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण मूल रूप से श्रीलंका में आयोजित किया जाना था। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट में सुधारों की प्रक्रिया जारी रहने के कारण मेजबानी में बदलाव किया गया। आईसीसी ने मेजबानी के लिए बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका के प्रस्तावों का निर्धारित मानकों पर मूल्यांकन किया, जिसके बाद भारत को वैकल्पिक मेजबान चुना गया। आईसीसी बोर्ड ने 02 सितंबर को इस फैसले को मंजूरी दी।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण महिला क्रिकेट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा। उनके मुताबिक, दुनिया की शीर्ष टीमों के बीच होने वाली यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों और टीमों को रैंकिंग में आगे बढ़ने तथा वैश्विक मंच पर अपनी जगह बनाने के लिए अतिरिक्त प्रेरणा देगी।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story