महिला जूनियर एशिया कप में भारत ने चीन को गोलरहित रोका, एलीट पूल में शीर्ष पर

WhatsApp Channel Join Now
महिला जूनियर एशिया कप में भारत ने चीन को गोलरहित रोका, एलीट पूल में शीर्ष पर


महिला जूनियर एशिया कप में भारत ने चीन को गोलरहित रोका, एलीट पूल में शीर्ष पर


- क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान से टक्कर

मोगी (चीन), 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने बुधवार को महिला जूनियर एशिया कप के एलीट पूल के अंतिम मुकाबले में मेजबान चीन को गोलरहित बराबरी पर रोक दिया। इस परिणाम के साथ भारत तीन जीत और एक ड्रॉ से 10 अंक जुटाकर पूल में शीर्ष पर रहा। बेहतर गोल अंतर के आधार पर भारत ने चीन को पीछे छोड़ा।

चीन ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और भारतीय रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाया। मेजबान टीम को शुरुआती पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार बचाव किया। पहले क्वार्टर में चीन को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर निधि ने बेहतरीन बचाव करते हुए खतरा टाल दिया।

इसके बाद भारत ने भी आक्रमण तेज किया और कई मौके बनाए। हालांकि, चीन की संगठित रक्षापंक्ति ने भारतीय हमलों को रोक दिया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी उन्हें गोल में नहीं बदल सकी। मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा।

तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच बराबरी का मुकाबला देखने को मिला। भारत की रक्षा पंक्ति ने चीन के हमलों को प्रभावी ढंग से रोका, जबकि भारतीय टीम ने भी जवाबी हमलों के जरिए मौके बनाए। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने निर्णायक गोल के लिए प्रयास किए, लेकिन कोई भी रक्षा को भेदने में सफल नहीं रही।

ड्रॉ के साथ भारत और चीन दोनों के खाते में एक-एक अंक जुड़ा और दोनों के 10 अंक रहे। बेहतर गोल अंतर के कारण भारत ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

अब भारतीय टीम 10 सितंबर को क्वार्टर फाइनल-1 में पाकिस्तान से भिड़ेगी। पाकिस्तान चैलेंजर पूल में चार मैचों से सात अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story