आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भारत की धमाकेदार शुरुआत, सेजल ने जीता स्वर्ण
सूहल(जर्मनी), 18 जून (हि.स.)। जर्मनी के सूहल में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 के पहले ही दिन भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किए।
भारतीय खिलाड़ी सेजल कांबले ने महिला जूनियर 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं उनकी हमवतन हिमांशी ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर भारत की पदक तालिका को और मजबूत किया।
भारत की सफलता यहीं नहीं रुकी। महिला जूनियर 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। सेजल कांबले, वंशिका चौधरी और नव्या बिश्नोई की तिकड़ी ने कुल 1700 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया और भारत को टीम खिताब दिलाया।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने भारतीय दल की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रतियोगिता के पहले दिन मिला यह प्रदर्शन आने वाले मुकाबलों के लिए उत्साहवर्धक संकेत है।
भारतीय निशानेबाजों की इस शानदार शुरुआत से चैंपियनशिप में देश की पदक संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं। पहले ही दिन तीन पदक जीतकर भारतीय दल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और तैयारी का दमदार परिचय दिया है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

