यूनिटी कप 2026 के लिए भारत की 28 सदस्यीय प्रारंभिक टीम घोषित, जमैका से होगी भिड़ंत
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने यूनिटी कप 2026 के लिए 28 सदस्यीय प्रारंभिक टीम की घोषणा कर दी है। इंडियन सुपर लीग 2025-26 के समापन के बाद भारतीय टीम बेंगलुरु में एक छोटे प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेगी, जिसके बाद 24 मई को लंदन रवाना होगी।
ब्लू टाइगर्स के मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा कि यूनिटी कप आगामी सैफ चैंपियनशिप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण टूर्नामेंट साबित होगा। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का चयन इंडियन सुपर लीग में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है और शिविर के बाद अंतिम 23 खिलाड़ियों की टीम घोषित की जाएगी।
फीफा रैंकिंग में 136वें स्थान पर मौजूद भारत 27 मई को दूसरे सेमीफाइनल में 71वीं रैंकिंग वाली जमैका से भिड़ेगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में नाइजीरिया और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल और तीसरे स्थान का मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा।
खालिद जमील का मानना है कि मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय फुटबॉल को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताओं में लगातार भाग लेना जरूरी है।
टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी जगह दी गई है। गोलकीपिंग विभाग में गुरप्रीत सिंह संधू और विशाल कैथ जैसे अनुभवी नाम शामिल हैं, जबकि डिफेंस में संदेश झिंगान और अनवर अली टीम की मजबूती बढ़ाएंगे।
मिडफील्ड में सहल अब्दुल समद, अनिरुद्ध थापा और लालेंगमाविया राल्ते जैसे खिलाड़ियों पर जिम्मेदारी होगी, जबकि आक्रमण में मनवीक सिंह, लल्लियानज़ुआला चांगटे और लिस्टन कोलाको जैसे खिलाड़ी टीम की उम्मीदें होंगे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

