विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप: भारत की अनाहत सिंह महिला वर्ग में शीर्ष वरीय, आर्यवीर दीवान से भी पदक की उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप: भारत की अनाहत सिंह महिला वर्ग में शीर्ष वरीय, आर्यवीर दीवान से भी पदक की उम्मीद


विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप: भारत की अनाहत सिंह महिला वर्ग में शीर्ष वरीय, आर्यवीर दीवान से भी पदक की उम्मीद


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। कनाडा के ओंटारियो में सोमवार से शुरू हो रही विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में भारत की स्टार खिलाड़ी अनाहत सिंह को महिला एकल वर्ग में शीर्ष वरीयता (टॉप सीड) मिली है। वहीं पुरुष वर्ग में आर्यवीर दीवान को संयुक्त रूप से 5/8वीं वरीयता दी गई है।

विश्व रैंकिंग में शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल 18 वर्षीय अनाहत सिंह इस बार अपना पहला विश्व जूनियर खिताब जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगी। पिछले वर्ष उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय कर कांस्य पदक जीता था। पेशेवर बनने के बाद 2023 से अब तक वह अंतरराष्ट्रीय सर्किट में 16 एकल खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।

पुरुष वर्ग में आर्यवीर दीवान से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने इसी वर्ष मई में एशियाई जूनियर व्यक्तिगत स्क्वैश चैंपियनशिप में अंडर-19 बालक वर्ग का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के केवल चौथे खिलाड़ी बने थे।

विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भारत की ओर से पुरुष वर्ग में युशा नफीस, गुरवीर सिंह और पुरव राम्भिया, जबकि महिला वर्ग में रुद्रा सिंह, अनिका दुबे और सान्वी कलांकी भी चुनौती पेश करेंगी। प्रतियोगिता का समापन 31 जुलाई को होगा।

नई दिल्ली की रहने वाली अनाहत सिंह ने कम उम्र में ही कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने 2019 में ब्रिटिश जूनियर ओपन अंडर-11 खिताब जीता था और 2023 में इसी टूर्नामेंट के अंडर-15 वर्ग की चैंपियन बनीं। उसी वर्ष चीन के डालियान में आयोजित एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में अंडर-17 खिताब भी अपने नाम किया।

अनाहत ने 2022 एशियाई खेलों में मिश्रित युगल और महिला टीम स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे। 2023 में वह सीनियर राष्ट्रीय चैंपियन भी बनीं। इसके अलावा 2025 में भारत की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बनकर उन्होंने देश को पहली बार स्क्वैश विश्व कप खिताब दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके अनुभव और शानदार फॉर्म को देखते हुए इस बार भी भारत को उनसे स्वर्ण पदक की बड़ी उम्मीद है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story