श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम घोषित, तिलक वर्मा बने कप्तान

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की पुरुष चयन समिति ने जून 2026 में श्रीलंका में आयोजित होने वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम की घोषणा कर दी है। इस टूर्नामेंट में मेजबान श्रीलंका-ए, भारत-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हिस्सा लेंगी।

टीम की कमान युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि ऑलराउंडर रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने इस दौरे के जरिए कई युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देने पर जोर दिया है।

टीम में प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु और हर्ष दुबे जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका मिला है। विकेटकीपर की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र संभालेंगे। वहीं गेंदबाजी विभाग में यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान जैसे युवा तेज गेंदबाज शामिल किए गए हैं।

यह सीमित ओवरों की सीरीज श्रीलंका के दांबुला में खेली जाएगी। इसके बाद भारत-ए टीम श्रीलंका-ए के खिलाफ दो बहुदिवसीय मुकाबले भी खेलेगी। रेड-बॉल सीरीज के लिए अलग टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।

भारत-ए अपना पहला मैच 09 जून को श्रीलंका-ए के खिलाफ खेलेगा, जबकि 11 जून को उसकी भिड़ंत अफगानिस्तान-ए से होगी। लीग चरण के मुकाबलों के बाद 21 जून को फाइनल खेला जाएगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story