विश्व कप का विजयी समापन चाहेगा भारत, 7वें स्थान के लिए बेल्जियम से मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now

वाव्रे (बेल्जियम), 28 अगस्त (हि.स.)। एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब अपने अभियान का सकारात्मक अंत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारत शुक्रवार को 7वें-8वें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में विश्व कप के सह-मेजबान बेल्जियम का सामना करेगा।

भारतीय टीम दूसरे चरण में पूल-ई में सबसे नीचे रही। उसे नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 और अर्जेंटीना के खिलाफ 3-5 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। अब टीम के पास बेल्जियम को हराकर सातवें स्थान के साथ विश्व कप अभियान समाप्त करने का मौका है।

बेल्जियम भी अपने घरेलू समर्थकों के सामने बेहतर नतीजे के साथ टूर्नामेंट को अलविदा कहना चाहेगा। रेड लायंस की टीम पूल-एफ में ऑस्ट्रेलिया और स्पेन के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद सबसे नीचे रही और सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई। ऐसे में घरेलू मैदान पर दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि टीम के पास टूर्नामेंट में जितना संभव हो, उतना ऊंचा स्थान हासिल करने का अच्छा मौका है। उनके मुताबिक, खिलाड़ी एक ऐसा प्रदर्शन करना चाहते हैं, जिस पर उन्हें गर्व हो सके। उन्होंने बेल्जियम की खेल शैली को बेहद व्यवस्थित बताते हुए कहा कि भारत को भी अच्छी रणनीति और गेंद पर नियंत्रण के साथ खेलना होगा।

विश्व कप के बाद भारतीय टीम को जल्द ही जापान में होने वाले एशियाई खेलों की चुनौती का सामना करना है। ऐसे में बेल्जियम के खिलाफ जीत न केवल भारत को सातवां स्थान दिला सकती है, बल्कि अगले बड़े टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा सकती है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story