गिल-ईशान के शतकों से भारत का धमाका, अफगानिस्तान को 170 रन से रौंदकर सीरीज पर कब्जा
लखनऊ, 17 जून (हि.स.)। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की शानदार शतकीय पारियों तथा गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रन से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की श्रृंखला अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में विशाल 402 रन का स्कोर खड़ा किया। भारतीय पारी की सबसे बड़ी खासियत कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 224 रन की साझेदारी रही। गिल ने 154 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 125 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
403 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम कभी भी लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। रहमत शाह ने संघर्ष करते हुए 79 रन बनाए, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई। दारविश रसूली चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए और दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं लौट सके।
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार सबसे सफल रहे। दोनों ने तीन-तीन विकेट झटककर अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अन्य गेंदबाजों ने भी सटीक लाइन और लेंथ से दबाव बनाए रखा।
अफगानिस्तान की ओर से नांगेलिया खरोटे ने चार विकेट और राशिद खान ने तीन विकेट हासिल किए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों द्वारा बनाए गए विशाल स्कोर के सामने यह प्रदर्शन नाकाफी साबित हुआ।
इससे पहले, भारत ने धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया था। अब दोनों टीमों के बीच श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

