हैदराबाद में आईजीपीएल कृष्णा इनविटेशनल का आगाज, पांच गोल्फर 5-अंडर के साथ संयुक्त बढ़त पर
हैदराबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। एएम ग्रीन आईजीपीएल कृष्णा इनविटेशनल हैदराबाद 2026 में पहले ही दौर में कम स्कोर की होड़ देखने को मिली। पंजाब रैप्टर्स द्वारा प्रस्तुत प्रतियोगिता के उद्घाटन दौर के बाद चार बार के एएम ग्रीन आईजीपीएल विजेता गगनजीत भुल्लर, फॉर्म में चल रहे आर्यन रूपा आनंद, 2009 इंडियन ओपन चैंपियन सी. मुनियप्पा, रोहित बैसोया और यूएई के जोशुआ ग्रेनविल-वुड 5-अंडर 65 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
ग्रेनविल-वुड के लिए यह आईजीपीएल में पदार्पण है। शीर्ष पांच खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर के अलावा 16 खिलाड़ी लीडर से महज दो शॉट के भीतर हैं, जिससे दो दौर बाकी रहते प्रतियोगिता बेहद खुली हुई है।
टीम स्पर्धा में कृष्णा पंजाब रैप्टर्स और विमत्रा चेन्नई लायंस जीसी ने पहले दौर के बाद 9-अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त बनाई। चेन्नई के लिए भुल्लर ने 5-अंडर का योगदान दिया, जबकि समर्थ द्विवेदी और यशस चंद्र 4-अंडर तथा हर्षजीत सेठी 3-अंडर रहे। पंजाब रैप्टर्स की ओर से मुनियप्पा 5-अंडर के साथ सबसे आगे रहे। हरेंद्र गुप्ता ने 4-अंडर और करंदीप कोचर ने 3-अंडर का कार्ड खेला। टीम स्कोर में चार खिलाड़ियों में से दो सर्वश्रेष्ठ स्कोर जोड़े जाएंगे।
आरवीआर दिल्ली ब्लू बुल्स के आर्यन रूपा आनंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-अंडर का कार्ड खेला। उनके टीम लीडर शिव कपूर ने 1-अंडर का स्कोर बनाया।
हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन कोर्स के खुले फेयरवे ने खिलाड़ियों को आक्रामक गोल्फ खेलने के पर्याप्त मौके दिए। आर्यन ने पहले पांच होल में ही दो ईगल लगाकर दिन की सबसे शानदार शुरुआत में से एक की। दोनों ईगल पैरा-4 होल पर आए। 15वें होल पर शॉट गंवाने के बाद उन्होंने 16वें और 17वें होल में बर्डी लगाकर 5-अंडर 65 पर दौर समाप्त किया।
आर्यन ने कहा कि इस कोर्स से उनकी पुरानी परिचितता उनके लिए फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि वह आक्रामक अंदाज में खेलना जारी रखेंगे और अपने मजबूत पक्षों पर भरोसा रखेंगे।
मुनियप्पा ने भी अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच बर्डी और एक ईगल की मदद से 5-अंडर का स्कोर बनाया। हालांकि उन्होंने दो बोगी भी कीं, लेकिन 15वें होल पर ईगल ने उन्हें संयुक्त बढ़त तक पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि अब वह अपने स्वाभाविक स्विंग पर भरोसा करते हुए सरल तरीके से खेलने पर ध्यान दे रहे हैं।
भुल्लर ने फ्रंट नाइन में दो बर्डी के बाद बैक नाइन पर रफ्तार बढ़ाई और चार बर्डी तथा एक बोगी के साथ 5-अंडर 65 का कार्ड पूरा किया। ग्रेनविल-वुड 6-अंडर तक पहुंच गए थे, लेकिन अंतिम होल पर बोगी के कारण उन्हें 5-अंडर पर संतोष करना पड़ा। बैसोया ने भी शुरुआती नौ होल में चार अंडर का स्कोर बनाया और 17वें होल की बर्डी के साथ संयुक्त बढ़त हासिल की।
लीड से एक शॉट पीछे समर्थ द्विवेदी, हरेंद्र गुप्ता, यशस चंद्र और रवि कुमार 4-अंडर 66 के स्कोर पर संयुक्त छठे स्थान पर हैं।
एशियन डेवलपमेंट टूर में मिस्र में तीसरे स्थान पर रहने के बाद लौटे पुखराज सिंह गिल ने शुरुआती पांच होल में दो शॉट गंवाने के बावजूद शानदार वापसी की। उन्होंने इसके बाद पांच बर्डी लगाईं और 3-अंडर 67 का कार्ड खेला। उनके साथ प्रमुख महिला खिलाड़ी वाणी कपूर सहित सात खिलाड़ी 3-अंडर के स्कोर पर संयुक्त 10वें स्थान पर हैं। करंदीप कोचर ने भी उतार-चढ़ाव भरे दौर में दो ईगल और तीन बर्डी लगाकर 3-अंडर 67 का स्कोर दर्ज किया।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

