'हम अपना खेल खेलना चाहते हैं', एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से पहले सलीमा टेटे ने बताई टीम की रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
'हम अपना खेल खेलना चाहते हैं', एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से पहले सलीमा टेटे ने बताई टीम की रणनीति


भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की शुरुआत से पहले भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने साफ कर दिया है कि टीम का पूरा ध्यान विरोधियों की रणनीति पर नहीं बल्कि अपने खेल और प्रदर्शन पर रहेगा। सलीमा के मुताबिक, टीम कोच के निर्देशों और अपने गेम प्लान के अनुसार मैदान पर उतरेगी।

19 से 28 नवंबर तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में मैजूदा चैंपियन भारत का सामना चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड से होगा। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। राउंड-रॉबिन चरण के अंत में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड और 24 नवंबर को चीन से और 25 नवंबर को जापान के खिलाफ मैच होगा। सेमीफाइनल 27 नवंबर को और मेडल मैच 28 नवंबर को खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि हम इस बात पर ध्यान नहीं दे रहे हैं कि हमारे विरोधी क्या कर रहे हैं। हम बस खुद पर, टीम की संरचना पर और कोच के निर्देशों का पालन करने पर ध्यान दे रहे हैं। संक्षेप में कहें तो, हम अपना खेल खेलना चाहते हैं।

मुख्य कोच सजोर्ड मारिन ने कहा कि हम चाहते हैं कि खिलाड़ी अलग-अलग पोजिशन पर खेल सकें। इससे टीम की गहराई बढ़ती है और अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है तो यह बहुत मददगार साबित होता है, खासकर ओलंपिक जैसे टूर्नामेंट में। साथ ही, यह खिलाड़ियों के विकास के लिए भी बहुत फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि हम यह देखना चाहते हैं कि क्या इससे हमारे खेलने के तरीके में कुछ नया जुड़ता है और क्या इससे टीम में वे सुधार आते हैं जो हम देखना चाहते हैं।

मेजबान टीम भारत शानदार फॉर्म में है लेकिन चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीमों के खिलाफ मजबूती से खेलना होगा। भारतीय टीम ने तीन बार महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। मेजबान टीम के पास दक्षिण कोरिया से आगे निकलने का मौका है, जिसके नाम भी तीन खिताब हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story