हॉकी इंडिया ने मिडफील्डर नेहा को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
हॉकी इंडिया ने मिडफील्डर नेहा को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर दी बधाई


हॉकी इंडिया ने मिडफील्डर नेहा को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर दी बधाई


नई दिल्ली, 18 जून, (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने अनुभवी मिडफील्डर नेहा को भारत के लिए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर बधाई दी है। उन्होंने गुरुवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप में उरुग्वे के खिलाफ मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने मिडफील्डर नेहा की उपलब्धि की सराहना करते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी में उनके लंबे करियर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना किसी भी खिलाड़ी के करियर में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। नेहा एक दशक से अधिक समय से हमारी मिडफील्ड की अहम खिलाड़ी रही हैं। मैदान पर कठिन परिस्थितियों से निपटने की उनकी क्षमता उनकी आंतरिक शक्ति और चरित्र को दर्शाती है। उन्होंने महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं के दौरान राष्ट्रीय टीम के लिए लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हम भारतीय हॉकी में उनके अमूल्य योगदान को सलाम करते हैं और राष्ट्रीय जर्सी में उनकी निरंतर सफलता की कामना करते हैं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक महत्वाकांक्षी युवा खिलाड़ी से भारत के लिए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने तक नेहा का सफर वाकई शानदार है। वह दृढ़ता की मिसाल हैं और उन्होंने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। मिडफील्ड में उनकी मौजूदगी टीम में एक अलग ही ऊर्जा भर देती है। यह उपलब्धि खेल के प्रति उनके अटूट समर्पण का फल है। उनका करियर निश्चित रूप से देश भर की कई युवा लड़कियों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगा।

इस उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए नेहा ने कहा कि भारत के लिए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करके मैं बेहद खुश और उत्साहित हूं। देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। मैं अपने परिवार और प्रीतम सिवाच मैम को हर सुख-दुख में मेरा साथ देने के लिए दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं। मैं हॉकी इंडिया, अपनी टीम के साथियों और कोचिंग स्टाफ की भी आभारी हूं जिन्होंने मेरे पूरे करियर में मुझ पर भरोसा जताया और मेरा मार्गदर्शन किया।

हरियाणा के सोनीपत में जन्मी नेहा ने पूर्व भारतीय कप्तान प्रीतम रानी सिवाच के मार्गदर्शन में हॉकी खेलना शुरू किया था। उन्होंने 2014 में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित एफआईएच चैंपियंस चैलेंज में अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया। पदार्पण के बाद से ही उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम में मिडफील्ड की एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

नेहा राष्ट्रीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण दौर में एक केंद्रीय स्तंभ रही हैं। टोक्यो 2020 ओलंपिक में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम में वह एक अहम सदस्य थीं। उनके शानदार करियर में जकार्ता में आयोजित 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतना भी शामिल है। उन्होंने 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को कांस्य पदक दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इसके अतिरिक्त, नेहा ने 2022 में आयोजित एफआईएच महिला नेशंस कप में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 2023 में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता। हाल ही में उन्होंने 2025 एशिया कप में राष्ट्रीय टीम को रजत पदक दिलाने में मदद की। वह रांची और राजगीर में आयोजित महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थीं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story