अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन पर भारतीय टीमों का सम्मान, खेल मंत्री ने दिया पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन पर भारतीय टीमों का सम्मान, खेल मंत्री ने दिया पुरस्कार


अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन पर भारतीय टीमों का सम्मान, खेल मंत्री ने दिया पुरस्कार


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित किया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ की उपलब्धियों की सराहना की गई।

भारतीय पुरुष टीम ने कप्तान केतन कुशवाहा की अगुवाई में जापान के काकामीगाहारा में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के लिए खेल मंत्रालय की ओर से टीम को 61.5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

वहीं, भारतीय महिला टीम ने कप्तान स्वीटी कुजूर के नेतृत्व में कांस्य पदक मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उसे 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ मंडाविया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश को अपने युवा खिलाड़ियों पर गर्व है और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

खेल मंत्री ने यह भी दोहराया कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समारोह के दौरान पुरुष टीम के प्रमुख गोल स्कोरर आशीष तानी पूर्ति और महिला टीम की नौशीन नाज को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा टूर्नामेंट में शानदार गोलकीपिंग का प्रदर्शन करने वाले आयुष रजक को भी प्रशस्ति दी गई।

कार्यक्रम में भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान रानी रामपाल तथा सरदारा सिंह को भी सम्मानित किया गया। दोनों ने अंडर-18 एशिया कप में क्रमशः महिला और पुरुष टीमों के कोच के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवा खिलाड़ियों को सफलता की राह दिखाने में योगदान दिया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story