भारत में ट्रेनिंग कर रही कजाकिस्तान टीम का हॉकी इंडिया ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
भारत में ट्रेनिंग कर रही कजाकिस्तान टीम का हॉकी इंडिया ने किया स्वागत


भारत में ट्रेनिंग कर रही कजाकिस्तान टीम का हॉकी इंडिया ने किया स्वागत


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने कजाकिस्तान की सीनियर पुरुष हॉकी टीम का स्वागत किया है। यह टीम अभी भारत में है और 10 से 21 मार्च तक हरियाणा के सोनीपत में भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में एक हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रही है। यह कैंप आगामी एशियन गेम्स क्वालिफायर्स 2026 की तैयारियों का एक हिस्सा है।

हॉकी इंडिया के अनुसार भारत के प्रमुख हॉकी प्रशिक्षण केंद्रों में से एक में आयोजित इस शिविर में विश्व स्तरीय सिंथेटिक टर्फ, उन्नत सुविधाएं और एक बेहद प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध है, जो कजाकिस्तान को अपनी तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए एक आदर्श मंच प्रदान करता है।

भारत में अभ्यास के बारे में बात करते हुए कजाकिस्तान कोच ओल्गा उर्मानोवा ने कहा कि हम भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र सोनीपत में आकर बहुत खुश हैं, जिसने हमारी टीम का बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया है। भारत में हॉकी का स्तर बहुत ऊंचा है और यही कारण है कि हमने यहां आने का फैसला किया है। हीरो एशिया कप 2025 के दौरान बिहार के राजगीर में प्रतिस्पर्धा करने के बाद यह भारत की हमारी दूसरी यात्रा है और एक बार फिर, यह अनुभव अमूल्य रहा है।

उर्मानोवा ने आगे कहा कि हमने यहां स्थानीय टीमों के खिलाफ कई मैत्रीपूर्ण मैच खेले हैं और प्रतियोगिता का स्तर बहुत ऊंचा रहा है, जो हमारी तैयारी के इस चरण में बिल्कुल आवश्यक है। भारत को अपने प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चुनते समय हमने जो योजना बनाई थी, उसी के अनुरूप सब कुछ उच्चतम स्तर पर आयोजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया के सहयोग और उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण अवसर उपलब्ध कराने के लिए हम उनके तहे दिल से आभारी हैं।

2026 एशियाई खेलों के क्वालीफायर को देखते हुए, हमें ओमान, इंडोनेशिया, थाईलैंड और हांगकांग जैसी टीमों के साथ एक प्रतिस्पर्धी समूह में रखा गया है और हम एक मजबूत प्रदर्शन करने का लक्ष्य रख रहे हैं।

विश्व रैंकिंग में 55वें स्थान पर काबिज कजाकिस्तान ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई है। जकार्ता में आयोजित एएचएफ कप 2025 में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। राजगीर में आयोजित हीरो एशिया कप 2025 में भी उन्हें बहुमूल्य अनुभव प्राप्त हुआ, जहां उन्होंने भारत, जापान और चीन सहित शीर्ष एशियाई टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा की।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि हमें कजाकिस्तान की सीनियर पुरुष हॉकी टीम का भारत में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल वैश्विक स्तर पर हॉकी के विकास में योगदान देते हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल संबंधों को भी मजबूत करते हैं। भारत हमेशा से हॉकी को बढ़ावा देने में अग्रणी रहा है और मेहमान टीमों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करना खेल के विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। हम कजाकिस्तान टीम को उनकी तैयारियों और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि कजाकिस्तान जैसी टीमें उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण के लिए भारत को अपना पसंदीदा स्थान चुन रही हैं। यहां मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण अवसंरचना और प्रतिस्पर्धी परिस्थितियां एशियाई खेलों के क्वालीफायर की तैयारियों में निश्चित रूप से उनके लिए फायदेमंद होंगी। इस तरह की पहल भारत के वैश्विक हॉकी केंद्र के रूप में बढ़ते महत्व को दर्शाती हैं और अंतरराष्ट्रीय हॉकी समुदाय में सार्थक योगदान देने के हमारे प्रयासों को मजबूत करती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story