हॉकी इंडिया के महानिदेशक आरके श्रीवास्तव निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही का आरोप
नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने संगठन के महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उन्हें तत्काल प्रभाव से महानिदेशक के पद से जुड़े सभी दायित्व और अधिकारों का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया गया है।
कारण बताओ नोटिस में श्रीवास्तव पर कर्तव्य में लापरवाही और जानबूझकर निर्देशों की अवहेलना समेत कई आरोप लगाए गए हैं। इनमें विश्व कप से पहले बिना पूर्व अनुमति राष्ट्रीय टीम की जर्सी के रंगों में बदलाव का फैसला प्रमुख है।
नोटिस के अनुसार, टिर्की के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद श्रीवास्तव के विश्व कप के लिए यात्रा करने को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। अध्यक्ष कार्यालय ने उनके स्थान पर पूर्व खिलाड़ियों सुबद्रा प्रधान, रानी रामपाल और सरदार सिंह को चयनकर्ता एवं जूनियर कोच के रूप में यात्रा की मंजूरी दी थी, लेकिन नोटिस में कहा गया है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई।
श्रीवास्तव पर हॉकी इंडिया लीग से जुड़े फ्रेंचाइजी समन्वय और प्राथमिकता वाले कार्यों में भी कथित तौर पर मनमाने फैसले लेने का आरोप है। इसके अलावा अनुबंधित जनसंपर्क एजेंसी के खिलाफ निर्देशित अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने और दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान खिलाड़ियों तथा मुख्य कोच क्रेग फुल्टन से जुड़े कथित दुर्व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई का प्रमाण उपलब्ध नहीं कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
नोटिस में विक्रम पाल से जुड़े आरोपों पर आंतरिक/पीओएसएच समिति की कार्यवाही और रिपोर्ट रिकॉर्ड में उपलब्ध न होने तथा एफआईएच, एएचएफ और राष्ट्रीय महासंघों से प्राप्त कुछ संचार को रोके जाने का भी उल्लेख है।
हॉकी इंडिया ने कहा है कि आगे की कार्रवाई संस्था के उपनियमों के अनुसार की जाएगी। श्रीवास्तव को सभी आधिकारिक रिकॉर्ड, दस्तावेज, फाइलें, एक्सेस क्रेडेंशियल, संपत्तियां और लंबित मामलों का परिचालन प्रभार अध्यक्ष कार्यालय द्वारा नामित अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

