हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार 2024 : सविता और हरमनप्रीत बने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी









-1975 विश्व कप विजेताओं को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। हॉकी इंडिया के 7वें वार्षिक पुरस्कार समारोह 2024 का आयोजन नई दिल्ली में 15 मार्च को हुआ, जिसमें भारतीय हॉकी के सितारों और दिग्गजों को सम्मानित किया गया। इस वर्ष का आयोजन विशेष रहा क्योंकि हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी के 100 वर्ष और 1975 विश्व कप जीत की स्वर्ण जयंती को एक साथ मनाया। इसी उपलक्ष्य में 1975 विश्व कप विजेता टीम को हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया और प्रत्येक सदस्य को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस भव्य समारोह में हॉकी जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही और इस वर्ष पुरस्कारों के लिए कुल 12 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि रखी गई, जो कि अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि है।
सविता और हरमनप्रीत बने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
इस समारोह में भारतीय महिला हॉकी टीम की दिग्गज गोलकीपर सविता और भारतीय पुरुष टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवॉर्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर 2024 से सम्मानित किया गया। सविता को यह सम्मान महिला वर्ग में और हरमनप्रीत को पुरुष वर्ग में प्रदान किया गया। दोनों खिलाड़ियों को 25 लाख रुपये और एक ट्रॉफी प्रदान की गई।
सविता ने पुरस्कार मिलने पर अपनी खुशी जताते हुए कहा, यह मेरे लिए बहुत गर्व का क्षण है। यह पुरस्कार मेरे साथियों, कोचों, परिवार और हॉकी प्रेमियों के समर्थन के बिना संभव नहीं होता। यह मुझे और कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देगा।
वहीं, हरमनप्रीत सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया में कहा, यह पुरस्कार केवल मेरे लिए नहीं बल्कि पूरी टीम के लिए है। मुझे उम्मीद है कि हमारी पुरुष और महिला टीमें बिना किसी दबाव के खेलेंगी और लगातार अच्छे प्रदर्शन से भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।
पेरिस ओलंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेताओं को सम्मान
इस समारोह में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने के लिए भी सम्मानित किया गया। टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख रुपये, वैकल्पिक खिलाड़ियों को 5 लाख रुपये, और सपोर्ट स्टाफ को 7.5 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
राज्यों को हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान
इस वर्ष के हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2024 में शानदार प्रदर्शन करने वाले आठ राज्यों को सम्मानित किया गया। हॉकी हरियाणा, हॉकी झारखंड, हॉकी ओडिशा, हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश हॉकी और हॉकी पंजाब को 10 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा, तमिलनाडु हॉकी यूनिट को सर्वश्रेष्ठ सदस्य इकाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। तमिलनाडु स्कूल हॉकी लीग के माध्यम से उन्होंने जमीनी स्तर पर हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए पुरस्कार
-हरमनप्रीत सिंह को एफआईएच पुरुष खिलाड़ी ऑफ द ईयर 2024 बनने पर 10 लाख रुपये का इनाम मिला।
-पीआर श्रीजेश को एफआईएच पुरुष गोलकीपर ऑफ द ईयर 2024 बनने पर 5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
-दीपिका को बिहार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 और जूनियर महिला एशिया कप 2024 में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और शीर्ष स्कोरर बनने पर 02 लाख रुपये का इनाम मिला।
-अरैजीत सिंह हुंदल को जूनियर पुरुष एशिया कप 2024 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने पर 1 लाख रुपये प्रदान किए गए।
माइलस्टोन अवॉर्ड्स 2024
-बॉबी सिंह धामी, ऋतुजा दादासो पिसाल और साक्षी राणा को डेब्यू मैच में गोल करने के लिए 01 लाख रुपये मिले।
-जर्मनप्रीत सिंह और शमशेर सिंह को 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर 01 लाख रुपये प्रदान किए गए।
-विवेक सागर प्रसाद और सुमित को 150 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर 1.5 लाख रुपये मिले।
-अमित रोहिदास को 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर 02 लाख रुपये, जबकि सुषिला चानू को 250 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।
अन्य प्रमुख पुरस्कार और विजेता
-गोलकीपर ऑफ द ईयर: सविता (5 लाख रुपये)
-डिफेंडर ऑफ द ईयर: अमित रोहिदास (5 लाख रुपये)
-मिडफील्डर ऑफ द ईयर: हार्दिक सिंह (5 लाख रुपये)
-फॉरवर्ड ऑफ द ईयर: अभिषेक (5 लाख रुपये)
-अंडर-21 उभरती महिला खिलाड़ी: दीपिका (10 लाख रुपये)
-अंडर-21 उभरते पुरुष खिलाड़ी: अरैजीत सिंह हुंदल (10 लाख रुपये)
1975 विश्व कप विजेताओं को विशेष सम्मान
भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण पलों में से एक 1975 विश्व कप जीत की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर, उस ऐतिहासिक टीम को मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। टीम के सदस्यों को 50 लाख रुपये का नकद इनाम भी दिया गया। इस मौके पर अशोक कुमार, बीपी गोविंदा, अजीत पाल सिंह, असलम शेर खान और अन्य दिग्गज खिलाड़ी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय