हिमांशु, दीक्षा और सूरज ने ट्रायल्स में दिखाई सटीक निशानेबाजी, चयन दौड़ में मजबूत किया दावा

WhatsApp Channel Join Now
हिमांशु, दीक्षा और सूरज ने ट्रायल्स में दिखाई सटीक निशानेबाजी, चयन दौड़ में मजबूत किया दावा


हिमांशु, दीक्षा और सूरज ने ट्रायल्स में दिखाई सटीक निशानेबाजी, चयन दौड़ में मजबूत किया दावा


देहरादून/नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और एशियाई खेलों की तैयारियों के बीच आयोजित टी4 राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स में निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। त्रिशूल शूटिंग रेंज में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में हरियाणा के हिमांशु ढिल्लों, उत्तर प्रदेश की दीक्षा वैश्या और मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया।

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। अंतिम शॉट से पहले मुकाबला बराबरी का था, लेकिन हिमांशु ने निर्णायक क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना ली और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र के पार्थ माने को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि दिल्ली के पार्थ माखिजा तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दीक्षा वैश्या ने शुरुआत से ही आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने बीच के चरण में बढ़त हासिल की और अंत तक उसे बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश की आशी चौकसे दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि रेलवे की सोनम मस्कर ने कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में सूरज शर्मा ने लगातार सटीक निशाने लगाते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उत्तराखंड के अंकुर गोयल दूसरे और भव्येश शेखावत तीसरे स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसने चयन प्रक्रिया को और प्रतिस्पर्धी बना दिया।

ट्रायल्स के बाद राष्ट्रीय रैंकिंग में भी कुछ महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले। पुरुष एयर राइफल वर्ग में पार्थ माने शीर्ष स्थान पर बने रहे, जबकि हिमांशु ने दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की। महिलाओं में सोनम मस्कर ने रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं पुरुष रैपिड फायर पिस्टल वर्ग में अनुभवी निशानेबाज ओंकार सिंह शीर्ष दावेदारों में शामिल हो गए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story