राष्ट्रपति ने हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री से किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति ने हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री से किया सम्मानित


राष्ट्रपति ने हरमनप्रीत कौर को पद्मश्री से किया सम्मानित


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को सोमवार को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में से एक पद्मश्री से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारतीय क्रिकेट में उनके महत्वपूर्ण योगदान और महिला टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में निभाई गई भूमिका के लिए प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहले नागरिक अलंकरण समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस वर्ष घोषित पद्म पुरस्कारों की सूची में खेल जगत की चुनिंदा हस्तियों को शामिल किया गया था। हरमनप्रीत के साथ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को भी सम्मानित किया गया, जिससे दोनों इस वर्ष क्रिकेट जगत से सम्मान पाने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हुए।

समारोह के दौरान हरमनप्रीत पारंपरिक परिधान में नजर आईं और उन्होंने यह सम्मान ग्रहण किया। भारतीय महिला क्रिकेट में उनका सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। उनकी कप्तानी में टीम ने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और हाल के वर्षों में विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई।

हरमनप्रीत लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, नेतृत्व क्षमता और दबाव के समय टीम को संभालने की शैली ने उन्हें विश्व क्रिकेट में एक विशेष स्थान दिलाया है।

पुरस्कार सूची घोषित होने के बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा था कि यह उपलब्धि उनके और उनके परिवार के लिए बेहद खास पल है। उन्होंने इसे अपने माता-पिता के सपनों और वर्षों की मेहनत का परिणाम बताया था।

यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और देश में महिला खिलाड़ियों की सफलता का भी प्रतीक माना जा रहा है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story