हरिद्वार टी-20 लीग का प्लेयर ड्राफ्ट संपन्न, छह टीमों की जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण
हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में हरिद्वार टी-20 लीग की तैयारियां तेज हो गई हैं। लीग के आगामी सत्र के लिए 23 नवंबर को हरिद्वार स्थित हयात प्लेस में प्लेयर ड्राफ्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान टूर्नामेंट की ट्रॉफी और छह फ्रेंचाइजी की आधिकारिक जर्सियों का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में सभी छह टीमों के प्रतिनिधि पहली बार एक साथ जुटे।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की स्वीकृति प्राप्त इस लीग का आयोजन क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार कर रहा है, जबकि प्रबंधन की जिम्मेदारी स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी 100 स्पोर्ट्स को सौंपी गई है। कार्यक्रम में उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा और कोषाध्यक्ष मानस मिंगवाल सहित क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार के अध्यक्ष पविंदर सिंह तथा सचिव एवं लीग के चेयरमैन अमित कुमार रॉय मौजूद रहे।
लीग का उद्देश्य हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक टी-20 क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना है। इसके लिए आयोजित ट्रायल में 600 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। प्लेयर ड्राफ्ट के दौरान छह फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी टीमों का गठन किया। इनमें रुड़की स्ट्राइकर्स, गंगाज वॉरियर्स, वेदांता रॉयल्स, भगवानपुर हीरोज, हर की पौड़ी नाइट्स और ज्वाला किंग्स शामिल हैं।
लीग के चेयरमैन अमित कुमार रॉय ने कहा कि हरिद्वार में क्रिकेट प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए अब तक पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाए थे। इस लीग के माध्यम से उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रायल में 600 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी से इस तरह के आयोजन की जरूरत का पता चलता है। प्लेयर ड्राफ्ट का सफल आयोजन लीग की तैयारियों में महत्वपूर्ण पड़ाव है।
ट्रॉफी और जर्सियों के अनावरण के साथ सभी टीमों को आगामी प्रतियोगिता के लिए अलग पहचान मिली। लीग के सभी मुकाबले हरिद्वार के एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, टीम का प्रतिनिधित्व करने और संगठित टी-20 क्रिकेट के प्रतिस्पर्धात्मक माहौल का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट की तैयारियां जारी हैं और आयोजन को लेकर खिलाड़ियों तथा क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा

