गिल और बटलर की तूफानी बल्लेबाजी, गुजरात टाइटंस ने खड़ा किया 210 का विशाल स्कोर

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 14वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 210 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल के लिए महंगा साबित हुआ। गुजरात के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और दिल्ली के गेंदबाजों को दबाव में रखा।

गुजरात की पारी के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 45 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की झड़ी देखने को मिली, जिससे टीम को मजबूत आधार मिला।

इसके अलावा जोस बटलर ने भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी तेज-तर्रार पारी ने रनगति को और तेज किया और दिल्ली की गेंदबाजी लाइन-अप को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

मध्यक्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने भी अहम योगदान देते हुए अर्धशतक जड़ा और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुंदर ने 32 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली।

दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी ने गिल जैसे खतरनाक बल्लेबाज को आउट कर अहम सफलता दिलाई।

अंतिम ओवरों में गुजरात ने तेजी से रन बटोरे और आखिरी पांच ओवरों में करीब 49 रन जोड़कर स्कोर को विशाल बना दिया।

इस तरह गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 211 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा, जो इस सीजन के सबसे बड़े स्कोरों में से एक माना जा रहा है। मुकाबले का दूसरा हिस्सा अब पूरी तरह दिल्ली की बल्लेबाजी पर निर्भर करेगा, जहां उन्हें इस बड़े लक्ष्य का पीछा करना होगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story