ब्रास सिटी इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट : गोल्डन क्रिकेट एकेडमी पांच विकेट से जीती
मुरादाबाद, 15 जून (हि.स.)। ब्रास सिटी इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए मुकाबले में गोल्डन क्रिकेट एकेडमी ने पारकर क्रिकेट एकेडमी को पांच विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच में हार्दिक राय के ऑलराउंड प्रदर्शन व प्रतीक की घातक गेंदबाजी ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि सोमवार को एमपीएस क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित मैच में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पारकर क्रिकेट एकेडमी 22.2 ओवर में 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आर्यन चौधरी ने नाबाद 18 रन बनाए, जबकि दृष्टि ने 12 और आयुष व दक्ष ने नौ-नौ रन का योगदान दिया। बल्लेबाजों के संघर्ष के बीच टीम को अतिरिक्त रन के रूप में 30 रन मिले। गोल्डन क्रिकेट एकेडमी की ओर से प्रतीक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5.2ओवर में 13 रन देकर चार विकेट झटके। हार्दिक राय ने तीन ओवर में महज चार रन खर्च कर तीन विकेट हासिल किए। आरोग्य ने दो विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोल्डन क्रिकेट एकेडमी को कप्तान हार्दिक राय ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 21 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 30 रन की आक्रामक पारी खेली। पार्थ, लोकेश ने सात-सात और कुणाल ने चार रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त रन के रूप में 37 रन मिले, जिसकी बदौलत गोल्डन क्रिकेट एकेडमी ने 18.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक राय ने पहले गेंदबाजी में तीन विकेट चटकाए और बाद में सबसे ज्यादा 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इसलिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

