फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, आन से-यंग से होगा खिताबी मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now
फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, आन से-यंग से होगा खिताबी मुकाबला


पेरिस, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने फ्रेंच ओपन 2026 के सेमीफाइनल में जापान की हिना अकेची को कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बना ली। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने 73 मिनट तक चले मुकाबले में 21-10, 20-22, 21-16 से जीत दर्ज की। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर-1 आन से-यंग से होगा।

सिंधु और अकेची के बीच बीडब्ल्यूएफ टूर पर यह पहली भिड़ंत थी। शुरुआती गेम में सिंधु ने अपने अनुभव का अच्छा इस्तेमाल किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कोर्ट के दोनों कोनों में शॉट लगाने की होड़ दिखी, लेकिन हॉफ टाइम तक सिंधु ने 11-9 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने लगातार चार अंक जुटाए और पहला गेम 21-10 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी अकेची ने रणनीति बदली और सिंधु को कोर्ट में लगातार दौड़ने पर मजबूर किया। जापानी खिलाड़ी ने 5-1 की बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन सिंधु ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। निर्णायक क्षणों में अकेची ने धैर्य बनाए रखा और 22-20 से गेम जीतकर मुकाबले को तीसरे गेम तक पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में भी अकेची ने भारतीय खिलाड़ी को कड़ी चुनौती दी। हॉफ टाइम तक सिंधु 11-9 से आगे थीं, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने लगातार अंक जुटाकर स्कोर 14-14 कर दिया। इसके बाद सिंधु ने अपना अनुभव दिखाया, अहम अंक हासिल किए और 21-16 से गेम जीतकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story