मेसी ने लगातार दूसरी बार एमएलएस गोल्डन बूट जीता
मियामी (फ्लोरिडा), 08 नवंबर (हि.स.)। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। फुटबॉल क्लब इंटर मियामी सीएफ के कप्तान मेसी ने लगातार दूसरे सीजन में मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) गोल्डन बूट अवॉर्ड जीता है। उन्होंने 2026 के नियमित सीजन में 26 गोल दागे। इसके साथ ही वह एमएलएस के इतिहास में लगातार दो बार गोल्डन बूट जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
मेसी ने 26 गोल के अलावा 17 असिस्ट भी किए, जिससे नियमित सीजन में उनका कुल गोल योगदान 43 रहा। गोल्डन बूट की दौड़ में उन्होंने एफसी डलास के स्ट्राइकर पीटर मूसा (22 गोल) और नैशविले एससी के सैम सरिज (21 गोल) को पीछे छोड़ दिया। वैंकूवर व्हाइटकैप्स के ब्रायन व्हाइट 20 गोल के साथ चौथे स्थान पर रहे।
शनिवार को शार्लोट एफसी के खिलाफ इंटर मियामी के नियमित सीजन के आखिरी मुकाबले में मेसी कोई गोल नहीं कर सके। यह मैच 3-3 से ड्रॉ रहा। घरेलू मैदान पर मियामी ने एक समय 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी, लेकिन शार्लोट ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। हालांकि, इस ड्रॉ का मेसी की गोल्डन बूट उपलब्धि पर कोई असर नहीं पड़ा।
लीग के अनुसार, मेसी लगातार दो बार गोल्डन बूट अवॉर्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वह दो बार यह सम्मान हासिल करने वाले छठे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले ब्रैडली राइट-फिलिप्स (2014, 2016), क्रिस वोंडोलोव्स्की (2010, 2012), जेफ कनिंघम (2006, 2009), टेलर ट्वेलमैन (2002, 2005) और प्रेकी (1997, 2003) दो-दो बार यह पुरस्कार जीत चुके हैं।
मेसी ने 2025 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 गोल और 19 असिस्ट के साथ गोल्डन बूट अपने नाम किया था। इस सीजन भी उन्होंने अपनी निरंतरता बरकरार रखी और इंटर मियामी की आक्रामक ताकत का सबसे बड़ा आधार बने रहे।
इंटर मियामी ने नियमित सीजन में लीग के सर्वाधिक 80 गोल किए, जिसमें मेसी का योगदान बेहद अहम रहा। गोल्डन बूट जीतने के बाद मेसी की नजरें अब एमएलमएस मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) अवॉर्ड पर हैं। वह लगातार तीसरी बार यह सम्मान जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।
मेसी और इंटर मियामी ने नियमित सीजन का समापन दूसरे स्थान पर रहते हुए किया। अब टीम एमएलएस कप प्लेऑफ में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।
39 वर्ष की उम्र में भी मेसी का प्रदर्शन उन्हें एमएलएस के सबसे प्रभावशाली आक्रामक खिलाड़ियों में बनाए हुए है। लगातार दूसरी बार गोल्डन बूट जीतकर उन्होंने अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

