एएफसी एशियन कप 2027 स्थगित, अब 23 दिसंबर 2027 से 21 जनवरी 2028 तक होगा टूर्नामेंट

WhatsApp Channel Join Now
एएफसी एशियन कप 2027 स्थगित, अब 23 दिसंबर 2027 से 21 जनवरी 2028 तक होगा टूर्नामेंट


रियाद (सऊदी अरब), 03 नवंबर (हि.स.)। एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (एएफसी) ने एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 के कार्यक्रम में बदलाव की घोषणा की है। पहले यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट सात जनवरी से पांच फरवरी 2027 तक आयोजित होना था, लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है। नई तारीखों के अनुसार, टूर्नामेंट 23 दिसंबर 2027 से 21 जनवरी 2028 तक खेला जाएगा।

एएफसी ने एक बयान में बताया कि मंगलवार को यह फैसला सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ (एसएएफएफ) और टूर्नामेंट की स्थानीय आयोजन समिति (एलओरसी) के साथ विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।

क्षेत्र में मौजूदा असाधारण परिस्थितियों, लॉजिस्टिक चुनौतियों और यात्रा संबंधी बाधाओं को देखते हुए टूर्नामेंट की तारीखों में बदलाव किया गया है। टूर्नामेंट की नई तारीखें मंजूरी के लिए फीफा के पास भेजी जाएंगी।

एएफसी के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रतियोगिता का आयोजन करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में सभी भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों और अन्य हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट को स्थगित करना आवश्यक हो गया।

एएफसी ने विश्वस्तरीय टूर्नामेंट के आयोजन के प्रति प्रतिबद्धता दिखाने के लिए सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ और स्थानीय आयोजन समिति की सराहना की है। साथ ही कहा है कि वह आयोजन समिति, भाग लेने वाले सदस्य संघो, प्रायोजकों, प्रसारण एवं व्यावसायिक साझेदारों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा, ताकि एशिया की इस प्रतिष्ठित पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा सके। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771539 Articles

Share this story