फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल में 800 से ज्यादा प्रतिभागियों ने दिखाया फिटनेस का जोश

WhatsApp Channel Join Now
फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल में 800 से ज्यादा प्रतिभागियों ने दिखाया फिटनेस का जोश


फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल में 800 से ज्यादा प्रतिभागियों ने दिखाया फिटनेस का जोश


नई दिल्ली, 05 अप्रैल (हि.स.)। नई दिल्ली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में शनिवार को फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 68वें संस्करण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 800 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न फिटनेस जोन्स में हिस्सा लिया। इन गतिविधि जोन्स में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, क्रिकेट, रस्साकशी, योग, स्किपिंग चैलेंज और कैरम, लूडो व सांप-सीढ़ी जैसे पारंपरिक खेल शामिल थे।

कार्यक्रम में शामिल दिल्ली की निवासी रितु शर्मा ने कहा कि मैं यहां सिर्फ साइकिल चलाने आई थी, लेकिन यह तो एक पूरा फिटनेस फेस्टिवल जैसा लग रहा है। मेरे बच्चे बैडमिंटन और टेबल टेनिस खेल रहे हैं, जबकि मैं योग कर रही हूं। यहां हर किसी के लिए कुछ न कुछ है।

एक अन्य प्रतिभागी जस्मीत चंदोक ने कहा कि यहां का माहौल अद्भुत है। संगीत, खेल और साइक्लिंग—सब मिलकर इसे विश्व स्वास्थ्य दिवस के उत्सव जैसा बना देते हैं।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जैसे संगठनों ने विशेष भागीदार के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ज़ुम्बा, योग और रस्सी कूद जैसे ऊर्जावान सत्रों ने वातावरण को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर पूर्व क्रिकेटर परविंदर अवाना, पावरलिफ्टिंग गुरु मुकेश गहलोत और पैरालंपियन पुष्पेंद्र सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि और फिटनेस इन्फ्लुएंसर मौजूद रहे।

परविंदर अवाना ने कहा कि यह सिर्फ रविवार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, इसे रोज की आदत बनाना चाहिए।”

मुकेश गहलोत ने कहा कि कई वर्षों बाद यह एक नया अनुभव रहा और मुझे बहुत अच्छा लगा।

पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह पहल हमारे जीवन में अपनाने के लिए सबसे बेहतरीन है।

एक युवा डॉक्टर ने कहा कि साथियों के साथ साइक्लिंग करना “अस्पताल के बाहर एक उत्सव जैसा अनुभव” था, जबकि एक नर्सिंग छात्रा ने इसे “याद दिलाने वाला पल” बताया कि दूसरों की देखभाल से पहले खुद की देखभाल जरूरी है। इस अवसर पर रहगिरी फाउंडेशन ने एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसमें सक्रिय जीवनशैली और सुरक्षित सार्वजनिक स्थानों के महत्व को दर्शाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story