नई दिल्ली में फिटनेस का उत्साह, 'संडे ऑन साइकिल' में जुटे 1,000 प्रतिभागी

WhatsApp Channel Join Now
नई दिल्ली में फिटनेस का उत्साह, 'संडे ऑन साइकिल' में जुटे 1,000 प्रतिभागी


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 97वें संस्करण का आयोजन रविवार को नई दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस और ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम की थीम ‘एक सप्ताह, सात कदम, एक धरती’ रखी गई।

कार्यक्रम में करीब 1,000 फिटनेस प्रेमियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह आयोजन देशभर में एक साथ चलाए जा रहे फिट इंडिया के संडे ऑन साइकिल अभियान का हिस्सा रहा। दिसंबर 2024 में शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक देशभर के करीब 31,000 स्थानों पर लगभग 37 लाख लोग भागीदारी कर चुके हैं। यह आंकड़ा देश में फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता और लोगों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल जाने-माने बॉडीबिल्डर दीपक शर्मा ने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां फिटनेस का जोश और ऊर्जा देखने लायक है। युवाओं को इस पहल से जुड़ते देखना बेहद उत्साहजनक है। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सभी को ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दो साल से भी कम समय में देशभर के करीब 37 लाख लोगों का संडे ऑन साइकिल अभियान से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। फिटनेस ही वास्तविक संपत्ति है और हमें ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ के मंत्र को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में फिटनेस, खेल, योग, शिक्षा और साइकिलिंग से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भी भाग लिया। इसमें राष्ट्रीय स्तर की टेबल टेनिस खिलाड़ी, फिटनेस कोच और प्रमाणित योग प्रशिक्षक ज्योति भारती तथा योग एवं मेडिटेशन कोच पंखुड़ी श्रीवास्तव शामिल रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत पंखुड़ी श्रीवास्तव के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत की शपथ के साथ हुई। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके बाद निर्धारित मार्ग पर 5 किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली गई। सभी आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम में विशेष योग कॉर्नर, हल्के जुंबा सत्र, फोटो बूथ, राहगिरी फाउंडेशन की ओर से गेम जोन और मनोरंजन क्षेत्र आकर्षण का केंद्र रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story