जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से हराकर बरकरार रखा हॉकी विश्व कप खिताब

WhatsApp Channel Join Now
जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से हराकर बरकरार रखा हॉकी विश्व कप खिताब


वावरे, 30 अगस्त (हि.स.)। जर्मनी ने एक बार फिर बड़े मुकाबले में अपनी बादशाहत साबित करते हुए एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप का खिताब बरकरार रखा। बेल्जियम के वावरे स्थित बेल्फियस हॉकी एरिना में रविवार को खेले गए फाइनल में जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से शिकस्त दी। मिशेल स्ट्रुथॉफ के तीसरे क्वार्टर के आखिरी क्षणों में किए गए गोल ने खिताबी मुकाबले का फैसला कर दिया।

इस जीत के साथ जर्मनी ने पुरुष हॉकी विश्व कप में अपने खिताबों की संख्या चार कर ली और सर्वाधिक बार विश्व चैंपियन बनने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

स्पेन पहली बार विश्व कप फाइनल में उतरा था और मैच के अधिकांश समय उसके पास गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रहा। स्पेनिश टीम ने गोल करने के कई मौके भी बनाए, लेकिन जर्मनी की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर जीन-पॉल डैनेबर्ग के शानदार प्रदर्शन ने उसके सभी प्रयास नाकाम कर दिए।

तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने लगातार दबाव बनाया और तीन पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किए, लेकिन वह उन्हें गोल में नहीं बदल सका। इसी बीच जर्मनी ने एक दुर्लभ जवाबी हमले का फायदा उठाया। हैनेस म्यूलर ने गेंद को सर्कल में पहुंचाया, जहां स्ट्रुथॉफ ने मौके को भुनाते हुए गोलकीपर लुइस कालजादो को छकाकर गेंद गोल में डाल दी।

अंतिम क्वार्टर में स्पेन ने बराबरी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। आखिरी मिनटों में गोलकीपर को हटाकर अतिरिक्त खिलाड़ी भी मैदान में उतारा गया, लेकिन जर्मनी का मजबूत डिफेंस नहीं टूटा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story