अनुभव बड़े टूर्नामेंट में काफी मदद करता है : दीपक गोहाईं

WhatsApp Channel Join Now
अनुभव बड़े टूर्नामेंट में काफी मदद करता है : दीपक गोहाईं


गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी रॉयल्स ने डिब्रूगढ़ वॉरियर्स को टूर्नामेंट में पहली हार सौंपकर इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) 2026 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। टीम की इस जीत में पर्पल कैप धारक दीपक गोहाईं ने गेंद से एक बार फिर अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ गुवाहाटी रॉयल्स के पांच मैचों में आठ अंक हो गए हैं। टीम ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर डिब्रूगढ़ वॉरियर्स को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। दोनों टीमों ने अब तक चार-चार मुकाबले जीते हैं।

गोहाईं पांच मैचों में 12 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं। उनका इकॉनमी रेट 5.00 और गेंदबाजी औसत 8.33 है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/11 रहा है।

अपने प्रदर्शन पर गोहाईं ने कहा कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव मैच की परिस्थितियों को समझने और उसके अनुसार गेंदबाजी करने में काफी मदद करता है। उन्होंने कहा कि विकेट और बल्लेबाज के अनुसार गेंदबाजी में बदलाव करना टीम के लिए भी फायदेमंद होता है।

डिब्रूगढ़ वॉरियर्स के खिलाफ जीत को खास बताते हुए गोहाईं ने कहा कि टीम ने अपनी रणनीति को अच्छी तरह लागू किया और बुनियादी चीजों पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि इस जीत से टीम का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ा है।

अपनी गेंदबाजी की सफलता के बारे में गोहाईं ने कहा कि गति में बदलाव और सही लेंथ पर गेंदबाजी उनकी रणनीति का अहम हिस्सा है। बल्लेबाजों को शॉट खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं देना भी उनके लिए लगातार कारगर साबित हुआ है।

गोहाईं ने टीम के प्रदर्शन का श्रेय शांत और सकारात्मक माहौल को दिया। उन्होंने कहा कि टीम ने पांच में से चार मुकाबले जीते हैं और खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा है। कोचिंग स्टाफ डगआउट में शांत माहौल बनाए रखता है, जिससे खिलाड़ी बिना दबाव के अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं।

उन्होंने कहा कि टीम फिलहाल एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रही है और भविष्य को लेकर ज्यादा आगे नहीं सोच रही। कप्तान और सपोर्ट स्टाफ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पूरी टीम का रवैया एकजुट रहे और खिलाड़ियों पर अनावश्यक दबाव न हो।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story