विश्व कप का जुनून : दुर्गापुर में मिठाईयों से बनाई गई लियोनेल मेसी की अनोखी प्रतिमा

WhatsApp Channel Join Now
विश्व कप का जुनून : दुर्गापुर में मिठाईयों से बनाई गई लियोनेल मेसी की अनोखी प्रतिमा


दुर्गापुर, 15 जुलाई (हि.स.)।

विश्व कप फुटबॉल का रोमांच बढ़ने के साथ ही अर्जेंटीना और उसके स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी को लेकर प्रशंसकों का उत्साह भी चरम पर है। इसी उत्साह को खास अंदाज में पेश करते हुए पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के वार्ड नंबर 24 स्थित मामड़ा बाजार की एक मिठाई की दुकान में पूरी तरह मिठाइयों से लियोनेल मेसी की आकर्षक प्रतिमा तैयार की गई है।

इस अनोखी प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी दुकान पर पहुंच रहे हैं। लोग प्रतिमा के साथ सेल्फी ले रहे हैं और मेसी-मेसी तथा विवा अर्जेंटीना के नारों से पूरा इलाका गूंज रहा है। विश्व कप के माहौल में मामड़ा बाजार मानो फुटबॉल प्रेमियों के लिए उत्सव स्थल बन गया है।

दुकान के मालिक देवाशीष घोष ने बताया कि वह बचपन से ही अर्जेंटीना के समर्थक और लियोनेल मेसी के बड़े प्रशंसक हैं। वर्ष 2022 की तरह इस बार भी उन्होंने मेसी की मिठाई से बनी प्रतिमा तैयार की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी विश्व कप की ट्रॉफी मेसी के हाथों में ही पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ किलोग्राम खोया, खीर, सफेद और डार्क चॉकलेट का उपयोग कर घर में ही इस प्रतिमा को तैयार किया गया है। उनके अनुसार यह केवल फुटबॉल प्रेम का प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी है।

देवाशीष घोष ने कहा कि आज के समय में अधिकांश बच्चे मैदान में खेलने के बजाय मोबाइल और गैजेट्स में अधिक समय बिताते हैं। बच्चों में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें खेलों के महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने मिठाई से मेसी की यह प्रतिमा बनाई है।

विश्व कप के माहौल में दुर्गापुर की यह अनूठी पहल स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह स्वीट मेसी आकर्षण का नया केंद्र बन गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Share this story