टीम इंडिया को मिले दो नए सितारे : धर्मशाला वनडे में हर्ष और गुरनूर का शानदार पदार्पण

WhatsApp Channel Join Now
टीम इंडिया को मिले दो नए सितारे : धर्मशाला वनडे में हर्ष और गुरनूर का शानदार पदार्पण


धर्मशाला, 13 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत लेकर आया। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए वनडे मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से दो युवा चेहरों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने अहम सफर का आगाज किया।

इस महत्वपूर्ण मैच में पहली बार सीनियर भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनने का गौरव स्पिनर हर्ष दुबे और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को प्राप्त हुआ। एक तरफ जहाँ हर्ष दुबे पर अपनी सटीक फिरकी से विरोधी बल्लेबाजों को चकमा देने की जिम्मेदारी रही, वहीं गुरनूर बराड़ को अपनी तेज रफ्तार और स्विंग से अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को चुनौती देने के लिए टीम में शामिल किया गया।

इन दोनों होनहार खिलाड़ियों के पदार्पण से यह स्पष्ट है कि भारतीय टीम प्रबंधन भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा और उभरती हुई प्रतिभाओं को लगातार अपनी चमक बिखेरने का मौका दे रहा है। धौलाधार की पहाड़ियों के बीच स्थित धर्मशाला का यह ऐतिहासिक मैदान इन दोनों युवा क्रिकेटरों के करियर के इस सबसे बड़े और यादगार पल का गवाह बना।

गुरनूर बराड़ ने अपने पहले ओवर में ली जादरान की विकेट

गुरनूर बराड़ ने अपने पहले अंतराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच में शानदार आगाज करते हए अपनी पहली ही ओवर में विकेट हासिल की। गुरनूर ने अफगानिस्तान के ओपनर इब्राहिम जादरान को कप्तान शुभमन गिल के हाथों कैच आउट करवाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story