भारत-अफगानिस्तान वनडे : बारिश का दौर लगातार जारी, तय समय पर शुरू नही हो पाया मैच

WhatsApp Channel Join Now
भारत-अफगानिस्तान वनडे : बारिश का दौर लगातार जारी, तय समय पर शुरू नही हो पाया मैच


धर्मशाला, 13 जून (हि.स.)। धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान के बीच खेला जाने वाला एकदिवसीय मैच तय समय से ढाई घण्टे बाद भी शुरू नही हो पाया है। शनिवार को दिन में डेढ़ बजे शुरू होने वाले इस एकदिवसीय मैच में बारिश ने खलल डाल दिया है। सुबह से हो रही लगातार बारिश के चलते धर्मशाला में होने वाले इस मैच को लेकर फिलहाल असमंजस नकी स्थिति बनी हुई है। बारिश के चलते स्टेडियम के स्टैंड भी खाली पड़े हुए हैं। मैदान में पिच एरिया को तिरपाल से ढका गया है, हालांकि आउटफील्ड बारिश से काफी गीली हो चुकी है।

उधर जो दर्शक स्टेडियम में दाखिल हो चुके हैं उनका जोश लगातार बरकरार है। बारिश के बीच रेन कोट और छाते लेकर दर्शक डटे हुए हैं।

गौरतलब है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे से दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट खोल दिये गए थे जिसके चलते धीरे धीरे क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम का रुख कर रहे थे। लेकिन जैसे ही बारिश जारी रही उसके बाद दर्शकों का स्टेडियम की तरफ रुझान कम हुआ और अभी भी कम संख्या में लोग मैच के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। बारिश के मौसम के इस मिजाज का खासकर बाहरी राज्यों से आये दर्शक पूरा लुत्फ उठा रहे हैं। धौलाधार की पहाड़ियों में बीती रात ताजा हिमपात हुआ है जिससे तापमान में काफी कमी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story