जोकोविच ने जीता चाइना ओपन का रिकॉर्ड सातवां खिताब, लगातार 21वें सत्र में जीता टूर-स्तरीय खिताब

WhatsApp Channel Join Now
जोकोविच ने जीता चाइना ओपन का रिकॉर्ड सातवां खिताब, लगातार 21वें सत्र में जीता टूर-स्तरीय खिताब


बीजिंग, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने मंगलवार को चाइना ओपन का रिकॉर्ड सातवां खिताब अपने नाम किया। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनौर के दूसरे सेट में चोट के कारण मुकाबले से हटने के बाद जोकोविच को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर का 102वां टूर-स्तरीय खिताब भी हासिल कर लिया।

जोकोविच ने पहला सेट 7-6(3) से जीता। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने मेडिकल टाइमआउट लिया। डी मिनौर ग्रोइन की समस्या के उपचार के लिए कोर्ट से बाहर गए। वह दूसरे सेट में लौटे और पहला गेम भी जीता, लेकिन दर्द के कारण आगे खेलने में असमर्थ रहे और मुकाबले से हट गए।

इस जीत के साथ जोकोविच ओपन एरा में सर्वाधिक टूर-स्तरीय खिताब जीतने के मामले में रोजर फेडरर के 103 खिताब के बेहद करीब पहुंच गए हैं। उनसे आगे केवल जिमी कॉनर्स हैं, जिनके नाम 109 खिताब दर्ज हैं।

बीजिंग में 34वीं जीत

39 वर्षीय जोकोविच का चाइना ओपन में शानदार रिकॉर्ड बरकरार है। उन्होंने बीजिंग में अपना लगातार 34वां मुकाबला जीता और टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं गंवाया है। उन्होंने आखिरी बार 2015 में चीन ओपन में हिस्सा लिया था और उस वर्ष फाइनल में राफेल नडाल को हराकर छठी बार खिताब जीता था।

इस बार फाइनल तक पहुंचने का उनका सफर भी आसान नहीं रहा। जोकोविच ने शुरुआत में बुइयुनचाओकेते को हराया और क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव को कड़े मुकाबले में मात दी।

सेमीफाइनल में मेडवेदेव हुए थे डिफॉल्ट

सेमीफाइनल में जोकोविच को डेनियल मेदवेदेव के खिलाफ अप्रत्याशित तरीके से जीत मिली। उस समय जोकोविच 7-5, 5-3, 15/15 से आगे थे, तभी मेदवेदेव ने पीछे की दीवार से टकराकर उछली गेंद को दर्शक दीर्घा की ओर मार दिया। गेंद एक दर्शक को लगने के बाद मेदवेदेव को डिफॉल्ट कर दिया गया और जोकोविच फाइनल में पहुंच गए।

इससे पहले दोनों के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा था। जोकोविच ने शुरुआती सेट में ब्रेक से पिछड़ने के बाद वापसी की और अपने सामने आए 18 ब्रेक प्वाइंट में से 16 बचाए।

लगातार 21 सत्र में खिताब

चाइना ओपन का यह खिताब जोकोविच के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वह ओपन एरा में लगातार 21 सत्रों में टूर-स्तरीय खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story