चोटिल जेमी ओवर्टन की जगह डायन फॉरेस्टर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल

WhatsApp Channel Join Now

चेन्नई, 14 मई (हि.स.)। चेन्नई सुपर किंग्स ने चोटिल ऑलराउंडर जेमी ओवर्टन के विकल्प के तौर पर दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ी डायन फॉरेस्टर को टीम में शामिल किया है। ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं।

फ्रेंचाइजी ने जानकारी दी कि डायन फॉरेस्टर 75 लाख रुपये की कीमत पर टीम से जुड़ेंगे। दक्षिण अफ्रीका के इस ऑलराउंडर ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और उन्हें उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिना जा रहा है।

फॉरेस्टर ने मार्च 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वह पांच अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 83 रन बनाए हैं। उनकी बल्लेबाजी के साथ-साथ उपयोगी गेंदबाजी क्षमता को भी टीम के लिए अहम माना जा रहा है।

सीएसके के लिए ओवरटन का बाहर होना एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह टीम को तेज गेंदबाजी और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी का विकल्प दे रहे थे। ऐसे में फॉरेस्टर से टीम प्रबंधन को संतुलन बनाए रखने की उम्मीद होगी।

चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन में प्लेऑफ की दौड़ को मजबूत करने के लिए टीम संयोजन में लगातार बदलाव कर रही है। युवा खिलाड़ियों को मौका देने की रणनीति के तहत फॉरेस्टर की एंट्री को भविष्य की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।

दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का IPL में अच्छा रिकॉर्ड रहा है और सीएसके को उम्मीद होगी कि फॉरेस्टर भी अपनी प्रतिभा से टीम को मजबूती देंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में कब मौका मिलता है और वह इस बड़े मंच पर खुद को किस तरह साबित करते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story