श्रीलंका दौरे के लिए भारत ए की कमान ध्रुव जुरेल को, आकिब नबी पहली बार टीम में शामिल
नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। श्रीलंका दौरे पर होने वाले दो बहु-दिवसीय मुकाबलों के लिए भारत ए टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है, जबकि जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर आकिब नबी को पहली बार टीम में जगह मिली है।
मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने शनिवार को टीम की घोषणा की।
देवदत्त पडिक्कल को उपकप्तान बनाया गया है। भारत ए टीम 25 जून से 5 जुलाई तक गॉल में श्रीलंका ए के खिलाफ दो चार-दिवसीय मुकाबले खेलेगी। इसके बाद अगस्त में भारतीय टेस्ट टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के अंतर्गत दो टेस्ट मैचों की शृंखला खेलने श्रीलंका जाएगी।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य स्पिन अनुकूल परिस्थितियों के अनुसार खिलाड़ियों को तैयार करना और लाल कूकाबुरा गेंद से खेलने का अनुभव देना होगा।
बल्लेबाजी विभाग में ध्रुव जुरेल और देवदत्त पडिक्कल के अलावा साई सुदर्शन, रुतुराज गायकवाड़ और एन जगदीशन को शामिल किया गया है। विदर्भ के बल्लेबाज अमन मोखाड़े और आंध्र प्रदेश के शेख राशिद को भी पहली बार भारत ए टीम में मौका मिला है।
गेंदबाजी आक्रमण में आकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ शामिल हैं।
गुरनूर बराड़ को हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ जारी एकमात्र टेस्ट मुकाबले के लिए भारतीय टीम में भी बुलाया गया था।
आकिब नबी का चयन विशेष माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने इस वर्ष जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई और 60 विकेट लेकर प्रतियोगिता के सबसे सफल गेंदबाज बने।
स्पिन विभाग की जिम्मेदारी लेग स्पिनर जीशान अंसारी, ऑफ स्पिनर सारांश जैन और ऑलराउंडर आयुष बदोनी संभालेंगे। आकिब नबी और जीशान अंसारी हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में नेट गेंदबाज भी रहे थे।
रुतुराज गायकवाड़, आयुष बदोनी, यश ठाकुर और अंशुल कंबोज पहले से ही श्रीलंका में मौजूद हैं, क्योंकि भारत ए टीम 9 जून से दांबुला में शुरू होने वाली त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला में भी हिस्सा ले रही है।
भारत ए टीम (बहु-दिवसीय मुकाबलों के लिए):
ध्रुव जुरेल (कप्तान), साई सुदर्शन, आयुष पांडेय, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, सारांश जैन, गुरनूर बराड़, आकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, एन जगदीशन, अमन मोखाड़े, शेख राशिद और जीशान अंसारी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

