डेविल ड्रैगंस ने स्टॉर्म मास्टर्स को 69 रन से हराया

WhatsApp Channel Join Now
डेविल ड्रैगंस ने स्टॉर्म मास्टर्स को 69 रन से हराया


मुरादाबाद, 20 फरवरी (हि.स.)। भारत विकास परिषद की शिवाजी शाखा और मुरादाबाद डेंटल एसोसिएशन की ओर से लीजेंड्स रीयूनियन कप 2026 के सीजन-1 के राउंड-2 में डेविल ड्रेगंस ने बाजी मारी। सिविल लाइन स्थित रेलवे स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में टीम ने स्टॉर्म मास्टर्स को 69 रन से हराया।

डेविल ड्रैगंस के कप्तान अनुष बंसल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 196 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। निशांत ने नाबाद 79 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि युगांत चौधरी ने 66 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। स्टॉर्म मास्टर्स की ओर से धीरज ने दो विकेट और प्रखर ने एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टॉर्म मास्टर्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। अक्षज ने 36 रन बनाए, जबकि सौरभ मिश्रा और सुमित ने 20-20 रन का योगदान दिया। डेविल ड्रेगंस की ओर से रोमिल और दीपांशु ने दो-दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए निशांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story