एशियाई खेल के पदक विजेता कार्तिक और गत चैंपियन संजीवनी दिल्ली हाफ मैराथन में करेंगे भारतीय चुनौती का नेतृत्व
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेल 2023 में 10,000 मीटर रेस के रजत पदक विजेता कार्तिक कुमार और गत चैंपियन संजीवनी जाधव विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस -वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 18वें संस्करण में पुरुष और महिला वर्ग में भारतीय इलीट एथलीटों की अगुवाई करेंगे। यह इवेंट रविवार, 15 अक्टूबर 2023 को भारत की राजधानी में नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
10,000 मीटर के बेहद सफल धावकों में से एक कार्तिक कुमार ने पिछले साल वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय (1:04:00) का रिकॉर्ड बनाया था। वह टीसीएस वर्ल्ड 10के 2022 (बेंगलुरु) में 30:06 मिनट के समय के साथ उपविजेता भी रहे थे। कार्तिक 1998 में गुलाब चंद के बाद एशियाई खेलों में 10,000 मीटर स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं। कार्तिक के हमवतन गुलवीर सिंह ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।
एक बार फिर दिल्ली में दौड़ने को लेकर कार्तिक ने कहा, वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का हिस्सा बनना हमेशा रोमांचक होता है। माहौल बिल्कुल शानदार रहता है और मेरे अंदर से सर्वश्रेष्ठ को बाहर लाता है। एशियाई खेलों में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद मैं दिल्ली में अच्छे प्रदर्शन को लेकर बहुत आश्वस्त महसूस कर रहा हूं। उम्मीद है कि मैं इस साल दिल्ली में जीतने में सफल होऊंगा।
कार्तिक को हालांकि ढाका हाफ मैराथन 2023 के विजेता अभिषेक पाल, टाटा मुंबई मैराथन 2023 हाफ मैराथन के चैंपियन मुरली कुमार गावित और राष्ट्रीय मैराथन चैंपियन श्रीनु बुगाथा से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ सकता है।
अनुभवी मैराथन धावक कालिदास हिरावे और दुर्गा बहादुर भी भारतीय इलीट पुरुष वर्ग में पोडियम पर जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए नजर आएंगे।
इस बीच, मौजूदा चैंपियन संजीवनी जाधव भारतीय इलीट महिला वर्ग की अगुवाई करेंगी। उन्होंने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के पिछले संस्करण में 77:53 मिनट का समय दर्ज किया था और इसके हबाद टीएसके 25के 2022 रेस भी जीता था। इसके अलावा, जाधव ने 2017 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था और 2022 में नेशनल फेडरेशन कप में 10,000 मीटर स्पर्धा में जीत हासिल की थी।
जाधव ने राजधानी लौटने को लेकर अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित रेस इवेंट्स में से एक है। फास्ट ट्रैक हमेशा हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मदद करता है और मैं अपना खिताब बरकरार रखने के लिए उत्सुक हूं।
मौजूदा चैंपियन को हालांकि भारतीय इलीट महिला रेस में टीसीएस वर्ल्ड 10के बेंगलुरु 2023 की विजेता तमशी सिंह और नई दिल्ली मैराथन 2019 और 2020 की चैंपियन ज्योति गावटे से कड़ा मुकाबला मिलेगा।
दुनिया भर हजारों शौकिया धावक दुनिया के सबसे तेज कोर्स में से एक पर विश्व के सर्वश्रेष्ठ इलीट एथलीटों के साथ इस 268,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाली इस रेस में शिरकत करेंगे।
पुरुष और महिला वर्ग में भारतीय इलीट विजेताओं को 4-4 लाख रुपये मिलेंगे। साथ ही दोनों वर्गों में शीर्ष-10 फिनिशर्स को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा 1 लाख रुपये का इवेंट रिकॉर्ड बोनस और एक निश्चित समय के तहत रेस खत्म करने वाले एथलीटों के लिए एक परफॉर्मेंस बोनस भी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील

