दिल्ली ऑडिट और हरियाणा टीम स्पर्धा के फाइनल में
--एजीयूपी की सुहाना और वंदना की जोड़ी अंतिम चार में
प्रयागराज, 06 जनवरी (हि.स.)। एजी उत्तर प्रदेश की सुहाना नर्जिनारी और वंदना सिंह की जोड़ी ने उत्तर क्षेत्रीय भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में महिला युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सुहाना ने महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में भी जगह बनाई। वहीं टीम स्पर्धा के मुकाबले में दिल्ली ऑडिट और हरियाणा की टीमें खिताबी दौर में पहुंच गईं।
अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स (मेयोहाल) में मंगलवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में महिला युगल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सानिया सहगल और विदुषी वत्स (दिल्ली ऑडिट) की जोड़ी ने विनीता नेगी एवं रुचि (उत्तराखंड) को 3-1, अंजलि रोहिल्ला और ग्लैडविन फ्लोरेंस (दिल्ली ऑडिट) ने रितिका चौधरी व तमन्ना (उत्तराखंड) को 3-0 सुहाना नार्जिनरी और वंदना सिंह (उत्तर प्रदेश) ने कल्याणी एवं शिखा (हरियाणा) को 3-0 और तमन्ना सैनी व गुरविंदर (पंजाब) की जोड़ी ने आभा एवं राधा (उत्तर प्रदेश) को 3-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड ने उत्तर प्रदेश को 3-2, हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को 3-2 और पंजाब में जम्मू कश्मीर को 3-0 से हराया। दिल्ली ऑडिट की टीम बाई लेकर सेमीफाइनल में पहुंची थी। पहले सेमीफाइनल में दिल्ली ऑडिट ने उत्तराखंड को 3-0 से और दूसरे सेमीफाइनल में हरियाणा ने पंजाब को 2-1 से हराया।
महिला एकल मुकाबले में एजी उत्तर प्रदेश की सुहाना नर्जिनारी ने पंजाब की गुरविंदर कौर को 3-0 से हराया। इसके अलावा रुचि कालिया (उत्तराखंड) ने राधा तिवारी (उत्तर प्रदेश) को 3-1, विदुषी जोशी (हिमाचल प्रदेश) ने शिखा (हरियाणा) को 3-0, सानिया सहगल (दिल्ली ऑडिट) ने वंदना सिंह (उत्तर प्रदेश) को 3-1, ग्लैडविन फ्लोरेंस (दिल्ली ऑडिट) ने रितिका चौधरी (उत्तराखंड) को 3-0, कल्याणी (हरियाणा) ने तमन्ना (उत्तराखंड) को 3-0, विदुषी वत्स (दिल्ली ऑडिट) ने विनीता नेगी (उत्तराखंड) को 3-0 और तमन्ना सैनी (पंजाब) ने आभा पांडेय (उत्तर प्रदेश) को 3-0 से हराया।
पुरुष एकल मुकाबले में राकेश कुमार (उत्तराखंड) ने नितिन (जम्मू कश्मीर) को, हर्ष श्रीवास्तव (दिल्ली ऑडिट) ने जसवंत गंगटा (हिमाचल प्रदेश) को और अभिषेक जग्गी (हिमाचल प्रदेश) ने अमित कुमार श्रीवास्तव (उत्तर प्रदेश) को पराजित किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विपिन चंद्र दीक्षित ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष शैलेश कुमार अग्रवाल ने मुख्य अतिथि और महालेखाकर डॉ. सुरेंद्र कुमार को बुके देकर स्वागत किया। महालेखाकर ने न्यायमूर्ति विपिन दीक्षित को स्मृति चिन्ह प्रदान करके सम्मानित किया। प्रतियोगिता के समन्वयक कल्याण अधिकारी लोकेश नाथ त्रिपाठी, वरिष्ठ लेखाधिकारी राम कृपाल, वरिष्ठ लेखाधिकारी राघवेंद्र सिंह, कल्याण सहायक अस्कारी अब्बास ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शादाब रजा ने किया।
इस मौके पर प्रयागराज स्थित भारतीय लेखा एवं लेखा विभाग के समस्त वर्गाधिकारी सहित अभिषेक कुमार, राजेंद्र प्रसाद, विजय सिंह पंवार, रवि कथूरिया, मंजू कथूरिया, लोकेश चौधरी, अमृतेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

