देहरादून टी20 लीग: विशाल कश्यप की विस्फोटक पारी से विकासनगर की आसान जीत

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 07 सितंबर (हि.स.)। देहरादून टी20 लीग 2026 में बारिश के कारण सात-सात ओवरों तक सीमित मुकाबले में विकासनगर धमाका ने सेलाकुई स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में कप्तान विशाल कश्यप ने महज 20 गेंदों में नाबाद 53 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी विकासनगर धमाका ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए सेलाकुई स्ट्राइकर्स को निर्धारित सात ओवरों में तीन विकेट पर 68 रन तक सीमित रखा। विनय असवाल ने दो ओवर में 16 रन देकर दो विकेट चटकाए, जबकि गोल्डी मलिक को एक विकेट मिला।

सेलाकुई की ओर से नीतीश जोशी ने 13 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 35 रन की तेजतर्रार पारी खेली। संस्कार रावत ने 12 गेंदों में दो चौकों की मदद से 14 रन बनाए।

69 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विकासनगर ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान विशाल कश्यप ने दो चौकों और छह छक्कों की मदद से 20 गेंदों में नाबाद 53 रन ठोक दिए। कुणाल चंदेला ने आठ गेंदों में 13 रन बनाकर उनका साथ दिया। विकासनगर ने 5.3 ओवर में दो विकेट खोकर 74 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story