डीडीयू गोरखपुर ने 8-7 से जीता रोमांचक मुकाबला, हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय की 7-0 से बड़ी जीत
कानपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित सेंट्रल जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को 10 मुकाबले खेले गए। आईआईटी कानपुर और विश्वविद्यालय परिसर के खेल मैदान पर हुए मुकाबलों में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय को 8-7 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय ने महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय को 7-0 से शिकस्त दी।
आईआईटी कानपुर के मैदान पर एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल ने विक्रांत विश्वविद्यालय को 2-1 से हराया। डीडीयू गोरखपुर और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। अंत में गोरखपुर विश्वविद्यालय ने 8-7 से बाजी मारी। जागरण लेकसिटी विश्वविद्यालय ने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय को 1-0 से पराजित किया। वहीं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा और नोएडा इंटरनेशनल विश्वविद्यालय के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। पेनल्टी शूटआउट में आगरा विश्वविद्यालय ने 7-6 से जीत हासिल की।
विश्वविद्यालय परिसर के मैदान पर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय ने क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन को 5-0 से हराया। लखनऊ विश्वविद्यालय ने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय को 1-0 और महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर ने रेनेसां विश्वविद्यालय, इंदौर को 3-0 से शिकस्त दी। बेनेट विश्वविद्यालय की टीम के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के कारण डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को वॉकओवर दिया गया। मांडसौर विश्वविद्यालय और सेज विश्वविद्यालय की टीमें भी निर्धारित मुकाबले के लिए मैदान पर नहीं पहुंचीं।
प्रतियोगिता के तकनीकी पर्यवेक्षण के लिए अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से कालीकट विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. साकिर हुसैन मौजूद हैं। उत्तर प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से अजीत सिंह और एमएस बेग को टूर्नामेंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
आयोजन सचिव शुभम हज़ारिया ने बताया कि दोनों खेल स्थलों पर खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, परिवहन, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के सहयोग से प्राथमिक चिकित्सा भी उपलब्ध कराई जा रही है। संयुक्त सचिव सौरभ तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए गठित समितियां आपसी समन्वय से कार्य कर रही हैं।
शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय ने कहा कि अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

