ओपन बिहार कप कराटे चैंपियनशिप में दरभंगा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, आठ पदक जीते
दरभंगा, 13 जुलाई (हि.स.)। पटना में स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में आयोजित ओपन बिहार कप कराटे चैंपियनशिप 2026 में दरभंगा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में बिहार भर से 345 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
दरभंगा के प्रेयांश, मोहित कुमार और असफंद अहमर ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं निशांत चौधरी ने रजत पदक हासिल किया। साचिका समदर्शी, तनु प्रिया, जयदीप समदर्शी एवं अंश साह ने कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कराटे एसोसिएशन ऑफ दरभंगा के अध्यक्ष राजीव रंजन एवं महासचिव मुकेश मिश्रा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव पंकज कांबली के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

