राष्ट्रमंडल खेल 2026: नरेंद्र ने बॉक्सिंग सेमीफाइनल में बनाई जगह, भारत का एक और पदक पक्का

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रमंडल खेल 2026: नरेंद्र ने बॉक्सिंग सेमीफाइनल में बनाई जगह, भारत का एक और पदक पक्का


ग्लासगो, 29 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के हेवीवेट मुक्केबाज नरेंद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 90 किग्रा से अधिक भार वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए मुक्केबाजी में एक और पदक सुनिश्चित कर दिया है।

क्वार्टरफाइनल मुकाबले में नरेंद्र ने समोआ के माइकल सेको को बेहद कड़े मुकाबले में 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराया। पांच जजों में से तीन ने मुकाबला 28-27 के अंतर से नरेंद्र के पक्ष में दिया, जबकि दो जजों ने समान स्कोर से सेको को विजेता माना।

मुकाबले के दौरान दोनों मुक्केबाजों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। शुरुआती दौर में चुनौती मिलने के बावजूद नरेंद्र ने धैर्य बनाए रखा और निर्णायक क्षणों में सटीक पंच लगाकर निर्णायकों को प्रभावित किया। उनकी संयमित रणनीति और दमदार प्रदर्शन ने उन्हें अंतिम चार में जगह दिलाई।

कॉमनवेल्थ गेम्स के मुक्केबाजी नियमों के अनुसार, सेमीफाइनल में पहुंचने वाले सभी मुक्केबाजों का कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाता है। अब नरेंद्र की नजर सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश करने और स्वर्ण पदक की दौड़ में बने रहने पर होगी।

नरेंद्र की इस जीत से ग्लासगो में भारत का मुक्केबाजी अभियान और मजबूत हुआ है। भारतीय मुक्केबाज लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं और देश के लिए पदकों की संख्या बढ़ाने की उम्मीदें और प्रबल हो गई हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story