वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू के बाद मिले प्यार पर जताया आभार, कहा- देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात

WhatsApp Channel Join Now
वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू के बाद मिले प्यार पर जताया आभार, कहा- देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात


वैभव सूर्यवंशी ने डेब्यू के बाद मिले प्यार पर जताया आभार, कहा- देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात


नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले मैच के बाद मिले प्यार और समर्थन के लिए सभी शुभचिंतकों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और वह हर मैच में टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।

सूर्यवंशी ने डेब्यू मैच के बाद सोशल मीडिया पर संदेश साझा किया। इंस्टाग्राम स्टोरी में युवा खिलाड़ी ने लिखा, इतने सारे संदेश पाकर मैं अभिभूत हूं। मेरे सभी शुभचिंतकों और वरिष्ठों का उनके लगातार प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाकर मैं सचमुच आभारी हूं और हमेशा अपनी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा। आप सभी का हर चीज के लिए धन्यवाद।

सूर्यवंशी 15 साल और 99 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वर्षों पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।

मैच की बात करें, तो मैनचेस्टर (इंग्लैंड) में खेले गए दूसरे टी-20 में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 190 रन बनाए। अपने डेब्यू मुकाबले में वैभव ने 10 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए। इसके अलावा ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 49, अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों पर 43, श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों पर 37 और तिलक वर्मा ने 11 गेंदों पर नाबाद 24 रन की उपयोगी पारियां खेलीं।

191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और फिल साल्ट तथा जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने 15 गेंदों में 39 रन बनाकर पारी को संभाला। फिर टॉम बैंटन 32 गेंदों में 39 रन और जैकब बेथेल 46 गेंदों में नाबाद 76 रन की शानदार पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने 19 ओवर में मुकाबला जीत लिया।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story