दोनों हाथों से स्पिन का कमाल, यूपी के विजय यादव ने बनाई अलग पहचान

WhatsApp Channel Join Now
दोनों हाथों से स्पिन का कमाल, यूपी के विजय यादव ने बनाई अलग पहचान


लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। यूपी टी20 लीग सीजन-4 में गत चैंपियन काशी रुद्राक्ष की ओर से खेल रहे 24 वर्षीय विजय यादव अपनी अनोखी गेंदबाजी शैली से बल्लेबाजों को चौंका रहे हैं। एक ही ओवर में दोनों हाथों से आसानी से स्पिन गेंदबाजी कराने की क्षमता रखने वाले विजय यादव ने हाल ही में अपनी पुरानी टीम गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर काशी रुद्राक्ष को एक यादगार जीत दिलाई।

साल 2024 में लीग में पर्दापण करने वाले गोरखपुर के इस युवा स्पिनर को यूपी टी20 लीग 2026 के ऑक्शन में काशी रुद्राक्ष ने 5.2 लाख रूपये में अपनी टीम में शामिल किया था।

गोरखपुर के रहने वाले विजय के पिता पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर हैं और माता गृहणी हैं। अपने शुरुआती दिनों और दोनों हाथों से गेंदबाजी के विचार पर बात करते हुए विजय यादव ने बताया, मैंने 2012 में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। भारत की 2011 विश्व कप जीत ने मुझे बहुत प्रेरित किया कि मुझे भी देश के लिए कुछ बड़ा करना है। शुरुआत से ही मेरा बायां हाथ थोड़ा काम करता था। अमूमन दाएं हाथ के बल्लेबाज दाएं हाथ के गेंदबाजों पर ज्यादा हावी होते हैं, इसलिए मुझे उन्हें गेंदबाजी करने में थोड़ी दिक्कत आती थी। इसके बाद मैंने अपने बाएं हाथ पर काम करना शुरू किया और कड़ी मेहनत के साथ इस पर नियंत्रण हासिल किया।

दोनों हाथों से गेंदबाजी के शारीरिक तनाव पर विजय ने कहा, लोगों को टीवी पर यह बहुत आसान लगता है, लेकिन दोनों हाथों से एक जैसी सटीकता से गेंदबाजी करना बेहद कठिन है। इसके लिए मुझे दोनों हाथों से अलग-अलग दोगुनी मेहनत और प्रैक्टिस करनी पड़ती है।

निचले क्रम में आकर लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले विजय यादव दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि विराट कोहली मेरे आदर्श हैं। क्रिकेट को लेकर उनका जुनून, समर्पण, प्रेरणा और आक्रामकता देखना मुझे बहुत पसंद है। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

यूपी टी20 लीग के इस बड़े मंच ने विजय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। अपनी क्षमता के दम पर वे पहले ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शीर्ष फ्रेंचाइजियों की नजरों में आ चुके हैं।

विजय ने बताया कि यूपी टी20 लीग एक बहुत बड़ा प्लेटफॉर्म है। मुझे यहां अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिला है। मैं मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल दे चुका हूं और पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद ने भी मुझे ट्रायल के लिए बुलाया था।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-19 और अंडर-23 टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके विजय यादव का लक्ष्य अब यूपी टी20 लीग में लगातार शानदार प्रदर्शन कर जल्द से जल्द इंडियन प्रीमियर लीग और भारतीय राष्ट्रीय टीम का टिकट हासिल करना है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story