'सिराज विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं', प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर कोटक ने दी सफाई

WhatsApp Channel Join Now
'सिराज विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं', प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर कोटक ने दी सफाई


वेलिंगटन (न्यूजीलैंड), 19 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को नहीं खिलाने के फैसले का भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बचाव किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिराज एक विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं लेकिन टीम प्रबंधन का मानना था कि इस मुकाबले के लिए चुनी गई प्लेइंग इलेवन सबसे बेहतर संयोजन है।

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप और अंशुल कंबोज के साथ उतरी, जबकि सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा। इस फैसले ने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा शुरू कर दी।

क्रिकबज के मुताबिक वेलिंगटन में पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सितांशु कोटक ने सिराज को बाहर रखने के फैसले पर अपनी बात रखी। कोटक ने कहा कि सिराज के साथ कुछ भी गलत नहीं है। मेरा मतलब है कि मुझे कोई समस्या नजर नहीं आती। टीम प्रबंधन को लगा कि यही सबसे अच्छी प्लेइंग इलेवन है और इसी टीम के साथ मैदान पर उतरने का फैसला किया गया।

कोटक ने श्रीलंका दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की परिस्थितियां न्यूजीलैंड से अलग थीं। श्रीलंका में सिराज ने दोनों टेस्ट मैच खेले थे।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सिराज एक विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने मैदान पर जो गेंदबाजी आक्रमण उतारा, उसमें काफी विविधता थी। कोटक ने कहा कि दो गेंदबाज सीम (सीम मूवमेंट) कराने में माहिर हैं तो दो स्विंग कराने में और जाहिर है गति भी मायने रखती है। जब आप ऐसी पिच पर खेल रहे हों जो थोड़ी नम हो, शुरुआत में नरम हो और जिस पर काफी घास हो तो एक लंबा गेंदबाज होना फायदेमंद होता है क्योंकि इससे अतिरिक्त उछाल मिलता है।

उन्होंने कहा कि यह तो बस पहला दिन है, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच पर कुछ निशान या गड्ढे बनेंगे। इसलिए, जब आप अपनी प्लेइंग इलेवन चुनते हैं, तो आप पूरे चार या पांच दिनों के बारे में सोचते हैं।

सिराज को टीम में न रखना एकमात्र ऐसा फैसला नहीं था जिस पर सवाल उठे। भारतीय टीम ने स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा की जगह वाशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता दी। कोटक ने इस फैसले के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि न्यूजीलैंड की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या ज्यादा थी।

उन्होंने कहा कि चूंकि चार बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं इसलिए एक ऑफ-स्पिनर को चुना गया। सिर्फ पहली पारी ही नहीं, दूसरी पारी भी तो है। तो इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया और वाशिंगटन अच्छी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जडेजा जाहिर तौर पर एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं और उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन भी किया है।

मैच की बात करें तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंग्टन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 243 रन बना लिए थे। स्टंप्स के समय हेनरी निकोल्स 221 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 113 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ग्लेन फिलिप्स 182 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 94 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।

भारतीय टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अब तक तीन विकेट झटके हैं। वहीं, अंशुल कंबोज और आकाशदीप को एक-एक सफलता मिली है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story